नरगिस के बर्थ डे पर इमोश्नल हुए संजू बाबा, लिखा तुम जैसी कोई माँ नहीं
1 जून 1929 को जन्मी बॉलीवुड एक्ट्रेस नरगिस की 92वीं बर्थ एनिवर्सरी, बेटे संजय दत्त ने शेयर की थ्रो बैक फोटोज, बोलती आंखों वाली अदाकारा को फैंस भी कर रहे याद

बॉलीवुड एक्टर संजय दत्त की मां नरगिस दत्त की बर्थ एनिवर्सरी है। संजय दत्त के लिए उनके माता पिता क्या मायने रखते हैं, वह उन्होंने तस्वीरों के जरिए सोशल मीडिया पर बयां किया है। संजय ने इंस्टाग्राम पोस्ट में अपने माता पिता को अपनी पूरी दुनिया बताया है। उन्होंने अपने पिता सुनील दत्त मां नरगिस और दोनों बहनों के साथ की कई फोटोज शेयर की हैं। जिन्हें फैंस काफी पसंद कर रहे हैं।
ये फोटोज सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं। फोटोज के साथ संजय दत्त ने लिखा है ''तुम्हारे जैसा और कोई नहीं है... जन्मदिन मुबारक हो मां''। फोटोज में नरगिस अपनी पूरी फैमिली के साथ मुस्कुराते हुए नजर आ रही हैं।
सिल्वर स्क्रीन की खूबसूरत एक्ट्रेसेस में शुमार नरगिस का जन्म कोलकाता में 1 जून 1929 को हुआ था। बालीवुड में नरगिस के नाम से फेमस एक्ट्रेस का असली नाम फातिमा राशिद था। उन्हें एक्टिंग के अलावा फुटबॉल और क्रिकेट खेलने का शौक था। एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा था कि वे बचपन में डॉक्टर बनना चाहती थीं। लेकिन किस्मत उन्हें फिल्मी दुनिया में ले आई।
नरगिस को हिन्दी फिल्मों की क्वीन भी कहा जाता है। उन्होंने शो मैन राज कपूर के साथ एक से बढ़कर एक सुपर हिट फिल्में दीं। नरगिस के बारे में कहा जाता है कि उनकी आंखें बोलती हैं, उनकी आंखों की खूबसूरती पर फैंस मर मिटते थे। नरगिस ने चाइल्ड आर्टिस्ट के तौर पर 1935 में फिल्म तलाश-ए-हक में काम किया था। लीड एक्ट्रेस के तौर पर उनकी पहली फिल्म अंदाज थी जोकि 1949 में आई थी, उसे फेमस डायरेक्टर महबूब खान ने डायरेक्ट किया था। उन्होंने आइकॉनिक फिल्म मदर इंडिया में काम किया। मदर इंडिया ऑस्कर के लिए नामिनेट की गई थी। जिसमें वे अपने पति सुनील दत्त की मां के रोल में नजर आई थीं।
सिल्वर स्क्रीन पर शो मैन राजकपूर के साथ उनकी जोड़ी खूब जमी। उनकी ऑन स्क्रीन केमेस्ट्री देखकर लोगों को लगने लगा था कि उन्हें राजकपूर से शादी कर लेना चाहिए। दोनों ने आग, बरसात, अंदाज, आवारा, श्री 420 जैसी कई ब्लॉक बस्टर फिल्मों में काम किया। कहा जाता है कि राज कपूर की मदद के लिए नरगिस ने अपने गहने तक बेचने से गुरेज नहीं किया। जब नरगिस ने सुनील दत्त से शादी का फैसला लिया तो राज कपूर फूट-फूट कर रोए थे।
नरगिस दत्त का नाम उन अदाकाराओं की लिस्ट में शुमार होता है, जिन्होंने फिल्म दुनिया में अपनी अलग और एक सशक्त पहचान बनाई।
नरगिस को कम उम्र में ही कैंसर हो गया था। 3 मई 1981 को उनकी मौत हो गई। वे अपने बेटे की संजय की पहली फिल्म रॉकी की रिलीज के पहले ही इस दुनिया को अलविदा कह गईं। नरगिस फिल्मी दुनिया की पहली एक्ट्रेस थीं जिन्हें पद्मश्री पुरस्कार से नवाजा गया था। वे राज्यसभा भी सदस्य भी बनी थीं। उनके बर्थ डे पर उनके फैंस उन्हें याद कर रहे हैं।