कोरोना के खिलाफ यशराज फिल्म्स की नई पहल, फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े लोगों का करवा रहे मुफ्त वैक्सीनेशन

आदित्य चोपड़ा ने बॉलीवुड से जुड़े 30 हजार लोगों के वैक्सीनेशन की बीड़ा उठाया है, मंगलवार को 4 हजार लोगों का रजिस्ट्रेशन हुआ, इससे पहले YRF के कर्मचारियों का हो वैक्सीनेशन करवा चुके हैं आदित्य

Updated: Jun 08, 2021, 01:55 PM IST

Photo courtesy: DNA
Photo courtesy: DNA

मुंबई। कोरोना की वजह से करीब डेढ़ साल से फिल्म इंडस्ट्री का काम लगभग ठप पड़ा है। कोरोना की शुरुआत में पिछले साल सबसे पहले बॉलीवुड में शूटिंग बंद हुईं थी। तब से अब तक हर बार मिलने वाली छूटों में भी फिल्म इंडस्ट्री पर कड़ी पाबंदियां हैं। लेकिन अब इंडस्ट्री में कामकाज दोबारा शुरु करने की हर संभव कोशिश की जा रही है। कोरोना वैक्सीनेशन इस महामारी में लोगों के लिए सुरक्षा कवच का काम कर रहा है। इसे महत्व देते हुए अब इंडस्ट्री से जुड़े लोगों का वैक्सीनेशन किया जा रहा है। इंडस्ट्री के सबसे बड़े प्रोडक्शन हाउस यश राज फिल्म की ओर से पहल की गई है। ताकि जल्द से जल्द लोगों को कोरोना वैक्सीन लग सके और काम दोबारा शुरु किया जा सके।

मगंलवार को यश राज फिल्म के ऑफिस में करीब 3 हजार से ज्यादा लोगों का वैक्सीनेशन के लिए रजिस्ट्रेशन किया गया। यहां करीब 30 हजार लोगों का चर वैक्सीनेशन किया जाना है।

कोरोना वैक्सीन की डोज उपलब्ध कराने के लिए यशराज फिल्म्स और FWICE ने महाराष्ट्र सरकार को चिट्ठी लिखी थी। यशराज फिल्म की ओर से लिखा गया था कि वे टीकाकरण के लिए आने वाले लोगों की आवाजाही और अन्य खर्चा भी खुद उठाएंगे।

दरअसल यश राज फिल्म्स से जुड़े कर्मचारियों का वैक्सीनेशन आदित्य चोपड़ा पहले ही करवा चुके हैं। अब वे अन्य फिल्मों की शूटिंग से जुड़े लोगों, इंडस्ट्री के दिहाड़ी मजदूरों, जूनियर कलाकारों के लिए भी यशराज स्टूडियो कैंपस में इंतजाम करवा रहे हैं।  

 यह वैक्सीनेशन कई दिनों तक किया जाना है। यशराज स्टूडियोज के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि 'इस अभियान से दिहाड़ी मजदूरों को काम पर लौटने और अपनी और अपने परिवार की जिंदगी में आर्थिक स्थिरता लाने में बड़ी मदद‌ मिलेगी। दरअसल फिल्म इंडस्ट्री में हजारों लोग दैनिक वेतन के  लोग काम करते हैं और ऐसे में चरणबद्ध तरीके से ही वैक्सीन अभियान को आगे बढ़ाया जा सकता है। वैक्सीनेशन के बाद इंडस्ट्री का काम गति पकड़ने की उम्मीद है। कई फिल्मों के ऐलान के बाद फ्लोर पर नहीं जा पाई हैं। वहीं बड़ी संख्या में फिल्में रिलीज के इंतजार में हैं।