भाजपा नेता अपने कार्यकर्ताओं को दिलवा रहे खाद, भिंड में किसानों ने किया चक्काजाम

वितरण केंद्र पर भाजपा के मंडल महामंत्री रोहित करैया ने पार्टी के कार्यकर्ताओं को खाद दिलवाना शुरू कर दिया, यह देख दो दिनों से खाद मिलने का इंतजार कर रहे किसानों का गुस्सा फूट पड़ा

Publish: Oct 10, 2021, 03:17 AM IST

Photo Courtesy: Patrika
Photo Courtesy: Patrika

भिंड। भाजपा नेता द्वारा मनमानी कर पार्टी कार्यकर्ताओं को खाद दिलवाता देख किसानों का गुस्सा फूट पड़ा। दो दिन से खाद प्राप्त करने को आतुर किसानों ने शनिवार को चक्काजाम कर दिया। लगभग चार घंटे तक नेशनल हाईवे जाम रहा। जिस वजह से वाहनों की आवाजाही पूरी तरह ठप रही। 

दरअसल भिंड मुरैना सहित प्रदेश के कई क्षेत्र में किसान खाद न मिलने की वजह से परेशान हैं। भिंड में दो दिन पहले ही किसान वितरण केंद्र पर एकत्रित हो गए थे। ताकि वे जल्द से जल्द खाद को अपने खेतों तक पहुंचा सकें। जिससे वे अपनी फसलों को बर्बाद होने से बचा सकें। 

लेकिन जैसे ही खाद वितरण की प्रक्रिया शुरू हुई, वैसे ही भाजपा नेताओं की करतूत शुरू हो गई। भाजपा के मंडल महामंत्री रोहित करैया वितरण केंद्र में दाखिल हुए और अपने करीबी भाजपा के कार्यकर्ताओं को खाद दिलवाना शुरू कर दिया। जिन लोगों को भाजपा नेता खाद दिला रहे थे, वे कतार में भी नहीं लगे थे। जबकि किसान पिछले दो दिन से कतार में लगे हुए थे। 

भाजपा नेताओं की मनमानी देख किसानों से रहा नहीं गया और इस रवैए के विरुद्ध उनका गुस्सा फूट पड़ा। किसानों का जत्था वितरण केंद्र से नेशनल हाईवे की ओर चल पड़ा। हाईवे पर करीब चार घंटे तक चक्काजाम रहा। प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा मान मनौव्वल किए जाने के बाद किसान प्रदर्शन खत्म करने पर राज़ी हुए। 

दरअसल भिंड के अलावा मुरैना में भी किसानों को खाद की इसी किल्लत से जूझना पड़ रहा है। किसान लगातार खाद की किल्लत को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। किसानों के गुस्से की वजह यह है कि खाद न मिलने की वजह से अब उनकी फसल बर्बाद होने की कगार पर पहुंच गई हैं। हाल ही ने तापमान में अचानक वृद्धि होने से खेतों की नमी जा रही है। ऐसे में अगर जल्द ही खेतों में खाद नहीं डाली गई तो जल्द ही सरसों व अन्य फसलों के बीज नष्ट हो जाएंगे। 

दूसरी तरफ खाद की कालाबाजारी भी किसानों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है। भाजपा नेताओं द्वारा अपने परिचितों को खाद दिलवाने के आरोप भी लग रहे हैं। आम किसान बीजेपी नेता व सहकारिता मंत्री अरविंद भदौरिया और ओपीएस भदौरिया पर अपने लोगों को खाद दिलवाने का आरोप लगा रहे हैं।