लगातार बढ़ रही है प्याज़ के लिए मारामारी, दुनिया भर में पैदा हो सकता है खाद्य संकट

दुनिया के कई देशों में प्याज़ की भारी कमी है, फिलिपिंस, कजाकिस्तान और मोरोक्को जैसे देशों में अवैध भंडारण के खिलाफ कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है

Publish: Feb 25, 2023, 10:50 AM IST

Photo Courtesy: India Today
Photo Courtesy: India Today

नई दिल्ली। दुनिया भर में प्याज़ के दाम आसमान छू रहे हैं। ऐसा प्याज़ की कमी के कारण हो रहा है। प्याज़ को लेकर जारी दुनिया भर में मारामारी के बीच वैश्विक खाद्य संकट की आहट भी होने लगी है। 

दुनिया के कई देश इस समय प्याज़ की भारी कमी से जूझ रहे हैं। आलम यह है कि प्याज़ की कमी के कारण अन्य सब्जियों के दाम में भी भारी उछाल देखा जा रहा है। ऐसे में फिलिपिंस, कजाकिस्तान और मोरोक्को जैसे देशों में प्याज़ के अवैध भंडारण के खिलाफ कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है। 

ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक प्याज़ की अनुपलब्धता और कीमतों में उछाल के कारण गाजर, टमाटर और आलू के ने सिर्फ दाम बढ़ रहे हैं बल्कि उनकी भी भारी कमी देखने को मिल रही है। ब्लूमबर्ग ने अपनी रिपोर्ट में यह उल्लेख किया है कि खाद्य संकट की आहट के चलते दुनिया भर में प्याज़ की तस्करी भी बढ़ रही है। ऐसे में कई देशों में लोगों की थाली से प्याज़ भी गायब होने लगा है। 

प्याज़ की कमी ने प्याज़ के दामों में असामान्य वृद्धि की है। जिस वजह से दुनिया भर में मुद्रास्फीति को बढ़ावा मिल रहा है। प्याज़ दुनिया भर में सबसे अधिक उपयोग में लाए जाने वाली सब्ज़ी है। दुनिया भर में सालाना लगभग 106 मिलियन टन प्याज़ का उत्पादन किया जाता है। 

दुनिया भर में प्याज़ को लेकर जारी मारामारी के पीछे कई कारण बताए जा रहे हैं। इसमें जलवायु परिवर्तन और भू राजनीतिक तनाव प्रमुख कारण बताए जा रहे हैं। पाकिस्तान में आई विनाशकारी बाढ़, मध्य एशिया में जमा ढेरों को नुकसान पहुंचाने वाले पाले तथा यूक्रेन रूस के बीच पिछले एक वर्ष से जारी युद्ध ने प्याज़ की उपलब्धता पर संकट पैदा किया है।