Russia Firing: कज़ान शहर के एक स्कूल में अंधाधुंध फायरिंग से 13 की मौत, कइयों को बनाया बंधक

हमले की सूचना मिलने के बाद सुरक्षाकर्मियों ने एक हमलावर को पकड़ लिया है। जिसकी उम्र 17 साल बताई जा रही है।

Updated: May 11, 2021, 01:54 PM IST

Photo courtesy: bhaskar
Photo courtesy: bhaskar

दिल्ली/ मास्को।  रूस के शहर कज़ान में हमलावरों ने एक स्कूल में घुसकर अंधाधुंध गोलीबारी करना शुरू कर दी। गोलीबारी में 13 लोगों की मौके पर मौत हो गई। अन्य लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मरने वालों में 8 स्कूल के बच्चे व एक टीचर बताया जा रहा है। हमला होते देख 2 बच्चे खिड़की से कूद कर जान बचाने की कोशिश की लेकिन ऊँचाई होने की वजह से मौत हो गई। रूस की सरकारी आरआईए समाचार एजेंसी, नोवोस्ती ने स्थनीय आपात सेवा के हवाले से खबर दी है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, दो बंदूकधारियों ने मंगलवार को स्कूल में घुसकर गोलीबारी शुरू कर दी। बताया जा रहा है स्कूल की चौथी मंजिल पर बंदूकधारियों ने कुछ लोगों को बंधक भी बनाया है। बंदूकधारियों में से एक को पकड़ लिया गया है। उसकी उम्र 17 वर्ष बताई जा रही है।

न्यूज एजेंसी के मुताबिक, हमले की सूचना मिलने पर पहुंचे सुरक्षाबलों ने दो हमलावरों को मार गिराया है। अधिकारियों के अनुसार, मारे गए एक शूटर की उम्र 19 साल है। उसके पास रजिस्टर्ड बंदूक मिली है। घटना की जांच शुरू कर दी गई है। स्कूल की इमारत को नुकसान के वीडियो सामने आ रहे हैं। पुलिस ने बताया कि हमले का मकसद अभी साफ नहीं है।

उल्लेखनीय है कि कज़ान रूस के ततारस्तान क्षेत्र की राजधानी है जो मास्को से करीब 700 किलोमीटर दूर है। पुलिस ने घटना की आपराधिक जांच शुरू कर दी है। रूस में स्कूलों में गोलीबारी होना अपेक्षाकृत दुर्लभ है लेकिन हाल के सालों में स्कूलों में कई हमले हुए हैं जो अधिकतर छात्रों ने ही किए हैं।