अमेरिका में फ्रीडम डे परेड के दौरान अंधाधुंध फायरिंग, 6 की मौत और 30 से अधिक घायल

अमेरिका के शिकागो शहर में हाईलैंड पार्क के पास स्वतंत्रता दिवस परेड के दौरान गोलीबारी में 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि 31 लोग घायल हुए हैं, घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है

Updated: Jul 05, 2022, 03:47 AM IST

Photo Courtesy: The Indian Express
Photo Courtesy: The Indian Express

शिकागो। अमेरिका में एक बार फिर अंधाधुंध गोलीबारी का मामला सामने आया है। यहां शिकागो शहर में फ्रीडम डे परेड के दौरान गोलीबारी में कम से कम 6 लोगों की मौत हो गई है जबकि 31 अन्य घायल हैं। घायलों में कुछ की हालत बेहद गंभीर है। पुलिस एक संदिग्ध हमलावर को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।

घटना इलिनायस प्रांत के शिकागो शहर के उपनगर हाइलैंड पार्क की है। माना जा रहा है कि हमलावर ने किसी बिल्डिंग की छत से परेड मार्ग पर फायरिंग की है। फायरिंग होते ही वहां मौजूद लोगों को जान बचाने के लिए यहां-वहां भागते देखा गया। हाइलैंड पार्क के एक अस्पताल के प्रवक्ता ने 6 लोगों के मारे जाने और घायलों की संख्या 31 बताई है।

यह भी पढ़ें: रूस ने यूक्रेन के मॉल पर दागी मिसाइल, 16 लोगों की मौत, 59 लोग अधिक घायल, करीब 1 हजार लोग थे मौजूद

पुलिस को परेड मार्ग से वह राइफल भी मिली है, जिससे लोगों पर फायरिंग की गई है। संदिग्ध हमलावर 18 से 20 साल का युवा बताया जा रहा है। पुलिस ने लोगों से उसके बारे में सूचना देने का अनुरोध किया है। अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने इस घटना पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने कहा- मैं इस निर्मम हिंसा से स्तब्ध हूं।

बता दें कि पिछले साल भी फ्रीडम डे पर फायरिंग की घटना हुई थी, उसमें 19 जानें गई थीं। अमेरिका सोमवार को अपना 246 वां स्वतंत्रता दिवस परेड मना रहा था। चार जुलाई, 1776 को दूसरे महाद्वीपीय कांग्रेस द्वारा अमेरिका की स्वतंत्रता को अनुमोदित किया गया था। उसके बाद से ही चार जुलाई को अमेरिका का स्वतंत्रता दिवस मनाया जाता है।