चीन में राष्ट्रपति शी जिनपिंग के हाउस अरेस्ट होने की चर्चा, बीजिंग में सैन्य गतिविधियां बढ़ी, आधिकारिक पुष्टि नहीं

ट्विटर पर कई चीनी नागरिकों ने भी शी जिनपिंग की कथित नजरबंदी के बारे में पोस्ट किया। उन्होंने दावा किया है कि जिनपिंग के हाथ से सत्ता जा चुकी है।

Updated: Sep 24, 2022, 02:44 PM IST

Photo Courtesy: Time
Photo Courtesy: Time

बीजिंग। चीन में सत्ता में उलटफेर की बड़ी खबर आ रही हैं। सोशल मीडिया पर दावा किया जा रहा है कि वर्तमान राष्ट्रपति शी जिनपिंग को हाउस अरेस्ट कर लिया गया है। चीनी ट्विटर हैंडल्स से दावा किया गया है कि उनकी जगह ली कियाओमिंग को सत्ता का प्रमुख बनाया गया है।

ट्विटर पर कई चीनी नागरिकों ने भी शी जिनपिंग की कथित नजरबंदी के बारे में पोस्ट किया। कई लोगों ने दावा किया कि जिनपिंग के हाथ से सत्ता जा चुकी है। कुछ लोगों ने तो यह भी अनुमान लगाया है कि ली कियाओमिंग को चीन का राष्ट्रपति बनाया गया है।

सोशल मीडिया पोस्ट्स के अनुसार, जिनपिंग को चीन की पीपुल्स लिबरेशन आर्मी के प्रमुख के पद से हटा दिया गया है। हालांकि, चीनी कम्युनिस्ट पार्टी या सरकारी मीडिया की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। चीनी मीडिया इस मामले पर चुप्पी साधे हुए है।

बात दें कि चीन में इस हफ्ते दो पूर्व मंत्रियों को मौत की सजा और चार अधिकारियों को उम्रकैद की सजा सुनाई गई थी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, ये सभी एक 'राजनीतिक गुट' का हिस्सा थे। वर्तमान में, कम्युनिस्ट पार्टी देश भर में भ्रष्टाचार विरोधी अभियान चला रही है और ऐसा माना जाता है कि ये छह लोग जिनपिंग के विरोधी थे। अब कहा जा रहा है कि इन लोगों ने गुटबाजी कर जिनपिंग को ही सत्ता से बेदखल कर दिया है।