जेल के अंदर पॉर्न देख रहा था रेप का दोषी प्रज्वल रेवन्ना, उम्रकैद का सजा काट रहा है पूर्व पीएम का पोता

प्रज्वल रेवन्ना JDS विधायक एचडी रेवन्ना के बेटे और पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवेगौड़ा के पोते हैं। वह नौकरानी से रेप केस में उम्रकैद की सजा काट रहे हैं।

Updated: Sep 12, 2026, 04:09 PM IST

बेंगलुरु। जेल में बंद जनता दल (सेक्युलर) के पूर्व सांसद प्रज्वल रेवन्ना से जब्त किए गए मोबाइल फोन और अन्य डिवाइस की फोरेंसिक जांच में दर्जनों पोर्न वीडियो मिले हैं। पिछले महीने क्राइम ब्रांच के अधिकारियों की छापेमारी में रेप के दोषी रेवन्ना को अपनी जेल की कोठरी के अंदर मोबाइल फोन का इस्तेमाल करते हुए पकड़ा गया था। इसके बाद फोन की कांच की गई जिसमें पता चला कि वह जेल में भी लगातार पॉर्न वीडियो देख रहा था।

रेवन्ना पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवेगौड़ा का पोता और केंद्रीय मंत्री एचडी कुमारस्वामी का भतीजा है। रेप के मामले में दोषी ठहराए जाने के बाद वह उम्रकैद की सजा काट रहा है। वह बेंगलुरु की परप्पना अग्रहारा सेंट्रल जेल में बंद है। 11 अगस्त को क्राइम ब्रांच के अधिकारियों की अचानक छापेमारी के दौरान रेवन्ना मोबाइल फोन का इस्तेमाल करते हुए पाया गया था। अधिकारियों ने उस हाई-सिक्योरिटी बैरक से एक चार्जर, एक पेन ड्राइव और एक नोटबुक भी जब्त की, जहां प्रज्वल को रखा गया था।

जब्त किए गए फोन और पेन ड्राइव को फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया था और रिपोर्ट से पता चला है कि फोन में दर्जनों पोर्न वीडियो और पेन ड्राइव में वेब सीरीज हैं। इस मामले ने एक बार फिर बेंगलुरु की सेंट्रल जेल में वीआईपी कैदियों को मिलने वाली खास सुविधाओं पर सबका ध्यान खींचा है।

रेवन्ना को पिछले साल रेप और एक 48 वर्षीय महिला के साथ यौन उत्पीड़न के वीडियो फैलाने के आरोप में दोषी ठहराया गया था। हासन जिले के होलेनरासीपुरा में रेवन्ना परिवार के फार्महाउस पर घरेलू सहायिका के तौर पर काम करने वाली महिला ने आरोप लगाया था कि 2021 से प्रज्वल रेवन्ना ने कई बार उसका रेप किया।

उसने इस हरकत का वीडियो बना लिया था और धमकी दी थी कि अगर महिला ने किसी को इसके बारे में बताया तो वह वीडियो जारी कर देगा। रेवन्ना की सेल से फोन मिलने के बाद अधिकारियों ने जेल के एक अधिकारी को सस्पेंड कर दिया और जांच के आदेश दिए।