NATO के सैनिक रूसी सेना से भिड़ें तो होगी वैश्विक तबाही: रूसी राष्ट्रपति पुतिन की चेतावनी

रूस ने यूक्रेन के चार प्रांतों पर कब्जा कर लिया है। हालांकि, रूस के इस कदम की अंतरराष्ट्रीय समुदाय के ज्यादातर सदस्यों ने निंदा की है।

Updated: Oct 15, 2022, 05:31 AM IST

अस्ताना। क्रीमिया ब्रिज पर हमले के बाद यूक्रेन पर रूस में हमले तेज कर दिए हैं। इसी बीच रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने एक बार फिर ‘वैश्विक तबाही’ की चेतावनी दी है। उन्होंने साफ और सख्त लहज़े में यह कहा है कि अगर NATO आर्मी ने रूस की सेना से भिड़ने की कोशिश की, तो वैश्विक तबाही होने से कोई नहीं रोक सकता।

पुतिन ने शुक्रवार कजाकिस्तान की राजधानी अस्ताना में प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए NATO को चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि रूसी सेना के साथ नाटो सैनिकों का सीधा टकराव पूरी दुनिया के लिए बड़ी तबाही ला सकता है। पुतिन ने कहा कि यह एक खतरनाक कदम साबित हो सकता है, जिससे पूरी दुनिया को दो-चार होना पड़ेगा।

यह भी पढ़ें: ऑस्ट्रेलिया में भारतीय छात्र पर नस्लीय हमला, 11 बार चाकुओं से गोदा, वीजा के लिए गिड़गिड़ा रहे परिजन

रूसी राष्ट्रपति ने चेतावनी भरे लहज़े में कहा, ‘जो ऐसा करने की सोच रहे हैं, मुझे उम्मीद है कि वो इतने समझदार हैं कि ऐसा कदम न उठाएं।' बता दें कि इसके पहले पुतिन ने कई बार यूक्रेन के खिलाफ परमाणु हथियारों के इस्तेमाल की चेतावनी दी है, जिसकी संयुक्त राष्ट्र ने निंदा की है।

वहीं व्हाइट हाउस द्वारा जारी एक बयान के अनुसार, मंगलवार को G7 राष्ट्रों ने चेतावनी दी थी कि यूक्रेन पर परमाणु हथियारों के इस्तेमाल के गंभीर परिणाम होंगे। G7 राष्ट्रों यानी यूके, जर्मनी, इटली, कनाडा, अमेरिका, फ्रांस और जापान के नेताओं ने कहा था, 'हम रूस की गैर-जिम्मेदार परमाणु बयानबाजी को निंदा करते हैं, जो वैश्विक शांति और सुरक्षा को प्रभावित कर रही है। रूस द्वारा रासायनिक, जैविक या परमाणु हथियारों के किसी भी उपयोग के गंभीर परिणाम होंगे।'