अफगानिस्तान में भारतीय राजनयिक विनेश कालरा नही रहे, कोरोना से हुआ निधन

भारत के वरिष्ठ राजनयिक विनेश कालरा का अफगानिस्तान में निधन हो गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक कोरोना संक्रमण का शिकार होने के बाद बीते कुछ दिनों के काबुल के अस्पताल में भर्ती थे।

Updated: May 11, 2021, 11:49 AM IST

Photo courtesy: tv9
Photo courtesy: tv9

दिल्ली। अफगानिस्तान में भारत के वरिष्ठ राजनयिक विनेश कालरा का कोरोना से निधन हो गया। मजारे शरीफ में भारत के कौंसिल जनरल के तौर पर तैनात थे। कालरा कुछ समय से बीमार चल रहे थे। कोरोना संक्रमण की जांच कराई गई। उनकी जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद काबुल के अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

विदेश मंत्री एस जयशंकर ने विनेश कालरा के निधन पर दुःख  जताया है। उन्होंने ट्वीट कर कहा "उनके जैसे समर्पित सहयोगी का जाना बहुत दुःखद है। उनकी कमी हमेशा महसूस होगी।" वहीं विदेश सचिव हर्षवर्धन श्रृंगला ने शोक जताते हुए कहा कि, "हमने एक निष्ठावान अधिकारी खोया है जिसने खुद आगे बढ़कर एक चुनौतीपूर्ण तैनाती को स्वीकार किया था।"

कालरा के निधन पर अफगानिस्तान के विदेश मंत्रालय ने भी शोक जताया है। एक संदेश जारी कर कहा है कि, "एक कर्मठ राजनयिक के तौर पर उन्होंने दोनों देशों के रिश्ते मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।" भारतीय विदेश सेवा में 2008 में आए विनेश कालरा राजनयिक के तौर पर मस्कट, ओमान, दक्षिण अफ्रीका, चीन समेत कई देशों में तैनात रहे।

गौरतलब है कि भारत में कोरोना संक्रमण के 27 लाख से ज्यादा नए मामले सामने आए हैं।  27 हजार से ज्यादा मौतें हुईं हैं। वहीं, दिल्ली ,उत्तर प्रदेश ,मध्यप्रदेश में लॉकडाउन की अवधि 17 मई तक बढ़ा दी गई है। रविवार को महाराष्ट्र में सबसे अधिक 48,401 नए मामले दर्ज किए, इसके बाद कर्नाटक में 47,930 और केरल में 35,801 नए केस सामने आए।