इंडोनेशिया के लापता विमान का मलबा मिला

शनिवार को जकार्ता से उड़ान भरने के बाद विमान लापता हो गया था, हादसे का शिकार हुए विमान में चालक दल समेत कुल 62 लोग सवार थे

Updated: Jan 10, 2021, 05:36 PM IST

Photo Courtesy: Times Of India
Photo Courtesy: Times Of India

नई दिल्ली। इंडोनेशिया के शनिवार से लापता विमान का मलबा मिल गया है, जिसके बाद राहत कार्य से जुड़े अधिकारियों ने प्लेन के क्रैश होने की पुष्टि कर दी है। विमान के लापता होने के बाद से जारी तलाशी अभियान से जुड़े गोताखोरों को क्षतिग्रस्त विमान के मलबे के साथ ही साथ दुर्घटनास्थल से मानव शरीर के अंग भी मिले हैं। दुर्घटना का शिकार हुए बोइंग 737-500 विमान ने शनिवार को जकार्ता से उड़ान भरी थी। शनिवार की दोपहर उड़ान भरने के चार मिनट बाद ही इस विमान का संपर्क टूट गया था। विमान में क्रू मेंबर समेत कुल 62 यात्री सवार थे। 

फिलहाल दुर्घटनास्थल के आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान जारी है। इंडोनेशिया के परिवहन मंत्री के हवाले से भारतीय मीडिया रिपोर्ट्स में बताया जा रहा है कि चार जंगी जहाजों के साथ साथ लंकांग द्वीप, लाकी द्वीप और जकार्ता के हजार द्वीप श्रृंखला के बीच तलाशी अभियान जारी है।

इसी बीच इंडोनेशिया के एयर चीफ मार्शल ने भी इस बात की पुष्टि की है कि प्लेन क्रैश हो गया है। एयर चीफ मार्शल ने बताया कि गोताखोरों ने मलबे के साथ साथ कपड़ों को भी एकत्रित किया है। इन्हें आगे की जांच के लिए भेज दिया गया है।