माइक्रोसॉफ्ट का सर्वर ठप, दुनियाभर के ऑफिसों में काम ठप, बैंकिंग, स्टॉक एक्सचेंज और फ्लाइट सेवाएं प्रभावित
माइक्रोसॉफ्ट के सर्वर में शुक्रवार को तकनीकी खराबी आ गई। इसकी वजह से दुनियाभर में एयरलाइंस, टीवी टेलिकास्ट, बैंकिंग और कई कार्पोरेट कंपनियों के कामकाज पर असर पड़ा है।

मुंबई। माइक्रोसॉफ्ट के सर्वर में दिक्कत आने से दुनियाभर मे अफरा-तफरी मच गई है। शुक्रवार दोपहर माइक्रोसॉफ्ट सर्वर आउटेज की वजह से ATM, बैंक, एयरलाइंस, स्टॉक एक्सचेंज सहित कई उद्योगों का काम प्रभावित हुआ है और कई तकनीकी सेवाएं ठप पड़ गई।
शुक्रवार दोपहर अचानक काम करते-करते लोगों के लैपटॉप बंद होने लगे, स्क्रीन नीली दिखने लगी। धीरे-धीरे बैंक, अस्पताल, एयरपोर्ट, न्यूज चैनल्स, शेयर मार्केट सब पर यह नीली स्क्रीन एक वायरस की तरफ फैल गई और काम ठप पड़ गया। फ्लाइट्स कैंसल होने लगीं। शेयर मार्केट में भी स्क्रीन लड़खड़ा गई। शुक्रवार दोपहर से शुरू हुई यह गड़बड़ी सिर्फ भारत ही नहीं, कई मुल्कों में हड़कंप मचाए रही। खासकर अमेरिका में तो सबसे ज्यादा असर देखा गया।
भारत में, 5 एयरलाइन- इंडिगो, स्पाइसजेट, अकासा एयर, विस्तारा और एयर इंडिया एक्सप्रेस ने बताया कि उनकी बुकिंग, चेक-इन और फ्लाइट अपडेट सर्विस इस तकनीकी समस्या से प्रभावित हुई है। एयरपोर्ट पर लोग सर्विसेज नहीं मिलने से परेशान हो रहे हैं। हैदराबाद और बेंगलुरु में ज्यादातर कॉर्पोरेट कंपनीज में वायरस अटैक की बात कही जा रही है। सिस्टम ब्लू स्क्रीन में आने के बाद रीस्टार्ट हो रहे हैं।
यह दिक्कत कंप्यूटरों में माइक्रोसॉफ्ट की स्क्रीन अचानक क्रैश होने से आई। कंपनी को यह झटका उसे अडवांस्ड साइबर सिक्यॉरिटी देने वाली फर्म क्राउडस्ट्राइक के अपडेट के कारण लगा। क्राउडस्ट्राइक के अपडेट के कारण ही माइक्रोसॉफ्ट के एज्योर क्लाउड और माइक्रोसॉफ्ट 365 सर्विसेज में परेशानी आई है। माइक्रोसॉफ्ट ने कहा, 'हमें समस्या की जानकारी है और हमने कई टीमों को इसे सुलझाने में लगाया है। हमने इसके कारण का पता लगा लिया है।'