नेपाल का लापता विमान मुस्टांग में लाम्छी नदी के किनारे हुआ क्रैश, 4 भारतीय समेत 22 यात्री थे सवार

स्थानीय लोगों द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, तारा एयर का विमान मनापति हिमाल में लामचे नदी के मुहाने पर दुर्घटनाग्रस्त हो गया, नेपाल सेना जमीन और हवाई मार्ग से घटनास्थल की ओर पहुंच रही है

Updated: May 29, 2022, 01:08 PM IST

काठमांडू। नेपाल के पोखरा से लापता होने के तकरीबन 6 घंटे बाद मुस्टांग में विमान का मलबा मिला है। नेपाल आर्मी के मुताबिक स्थानीय लोगों ने बताया कि प्लेन लाम्छी नदी के किनारे क्रैश हुआ है। यह मुस्तांग जिले के मानापती हिमाल क्षेत्र की नदी है। हमारे सैनिक वहां पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं। मौसम बेहद खराब है।

नेपाल एयरपोर्ट अथॉरिटी के मुताबिक एयरक्राफ्ट ने पोखरा से जोमसोम के लिए रविवार सुबह 9:55 बजे उड़ान भरी थी। 10:20 बजे लैंड करना था, लेकिन 11 बजे के बाद भी इससे संपर्क नहीं हो पाया। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक एयरक्राफ्ट 30 साल पुराना था।

सिविल एविएशन अथॉरिटी ऑफ नेपाल (CAAN) के मुताबिक सर्च ऑपरेशन में जुटा नेपाल आर्मी का हेलिकॉप्टर उस एरिया तक पहुंच गया है, जहां आखिरी बार इस एयरक्राफ्ट की लोकेशन मिली थी। CAAN के मुताबिक प्लेन के एक कैप्टन का मोबाइल फोन चालू था, उसकी लोकेशन को जब ट्रेस किया गया तो एयरक्राफ्ट की भी लोकेशन मिल गई। हालांकि इस बारे में ऑफिशियली कुछ नहीं कहा गया है।

दरअसल, नेपाल की तारा एअर का 9NAET डबल इंजन एयरक्राफ्ट उड़ान भरने के बाद से लापता है। इसमें 3 क्रू मेंबर समेत 22 यात्री हैं। इनमें 4 भारतीय हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक एयरक्राफ्ट में सवार भारतीयों के नाम अशोक कुमार त्रिपाठी, धनुष त्रिपाठी, ऋतिका त्रिपाठी और वैभवी हैं। नेपाल में इंडियन एम्बेसी ने हेल्पलाइन नंबर जारी किया है। ये है: 977-9851107021

विमानन सूत्रों ने बताया कि विमान को पश्चिमी पर्वतीय इलाके में जोमसोम हवाई अड्डे पर उतरना था, लेकिन पोखरा-जोमसोम हवाई मार्ग पर घोरेपानी के ऊपर आसमान में विमान का टॉवर से संपर्क टूट गया।