New Zealand: कोरोना के चलते 4 सप्ताह के लिए टले चुनाव

Corona Impact: 102 दिन से न्यूजीलैंड में कोरोना के शून्य मामले, अब ऑकलैंड में हो गए हैं 58 पॉज़िटिव

Updated: Aug 18, 2020, 02:43 AM IST

photo courtesy: swaraj express
photo courtesy: swaraj express

न्यूजीलैंड की प्रधानमंत्री जेसिंडा आर्डर्न ने ऑकलैंड में कोरोना वायरस के नए मामलों के मद्देनजर देश में होने वाले आम चुनाव को चार सप्ताह के लिए टालने की घोषणा की है। देश में 19 सितंबर को चुनाव होने थे, जो अब 17 अक्टूबर को होंगे। न्यूजीलैंड के कानून के तहत आर्डर्न को दो महीने तक चुनाव टालने का अधिकार है। ऑकलैंड में कोविड-19 के नए मामलों के मद्देनजर विपक्षी दल भी चुनाव टालने का लगातार आग्रह कर कर रहे थे।

न्यूजीलैंड में पिछले सप्ताह एक बार फिर कोविड-19 के मामले सामने आए हैं, इससे पहले 102 दिन तक वहां वायरस का कोई नया मामला सामने नहीं आया था। ऑकलैंड में अभी संक्रमण के 58 मामले हैं। ऑर्डर्न ने चुनाव स्थगित करने से पहले संसद के सभी दलों के प्रतिनिधियों को चर्चा के लिए बुलाया था।

उन्होंने कहा, ‘‘ अंतत: यह सुनिश्चित करना चाहती हूं कि हमारे पास सुचारू चुनाव प्रणाली हो जो मतदाओं को सभी दलों और उम्मीदवारों के बारे में जानकारी हासिल करने का सर्वश्रेष्ठ मौका दे।’’

आर्डर्न ने कहा कि कोविड-19 की वजह से अब वह चुनाव नहीं टालेंगी। उन्होंने कहा, ‘‘ कोविड विश्वभर में जन जीवन प्रभावित कर रहा है।’’

उन्होंने आगे कहा कि दक्षिण कोरिया, सिंगापुर जैसे देशों ने भी वैश्विक महामारी के बीच चुनाव आयोजित किए।

उन्होंने कहा कि चुनाव के मद्देनजर सदन की कार्यवाही स्थगित कर दी गई थी, लेकिन अब सांसदों को वापस बुलाया जाएगा। संसद की कार्यवाही सितम्बर की शुरुआत तक चलेगी।

ओपिनियन पोल के अनुसार ऑर्डर्न की लेबर पार्टी एक बार फिर सत्ता में आ सकती है।