पाकिस्तान में भीषण भूकंप, 20 लोगों की मौत, 300 से ज्यादा घायल, बड़े नुकसान की आशंका

पाकिस्तान के बलूचिस्तान में गुरुवार तड़के करीब साढ़े तीन बजे भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए,  कम से कम 20 लोगों की मौत की खबर है, रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 6.0 मापी गई

Updated: Oct 07, 2021, 08:13 AM IST

Photo Courtesy: Twitter
Photo Courtesy: Twitter

बलूचिस्तान। पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में गुरुवार तड़के आए भीषण भूकंप में कम से कम 20 लोगों की मौत की खबर है। पाकिस्तानी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक भूकंप की वजह से करीब 300 लोग गंभीर रूप से घायल हैं। शुरुआती रिपोर्ट्स के मुताबिक भूकंप से बड़े नुकसान की आशंका है।

जानकारी के मुताबिक बलूचिस्तान के हरनई इलाके में गुरुवार तड़के करीब साढ़े तीन बजे भूकंप के झटके महसूस किए गए। पाकिस्तानी मीडिया के मुताबिक, रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 6.0 मापी गई। भूकंप का क्रेंद्र हरनई के पास करीब 15 किलोमीटर की गहराई पर स्थित था। 

भूकंप के तेज झटकों से हरनई में कई बड़े मकानों को नुकसान पहुंचा है। चूंकि इसकी तीव्रता काफी तेज थी ऐसे में आसपास के कई जिलों से नुकसान की खबरें सामने आ रही है। इतना ही नहीं भूकंप के खतरनाक होने का आंदाज इसी बात से लगाया जा सकता है कि इसका असर पड़ोसी देश अफगानिस्तान, उज्बेकिस्तान और तुर्कमेनिस्तान में भी देखने को मिला। इन देशों में भी भूकंप से नुकसान की खबर है।

यह भी पढ़ें: 4 साल में पहली बार अमेरीका ने सार्वजनिक की परमाणु हथियारों की जानकारी, ट्रंप ने लगा दी थी रोक

पाकिस्तानी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है। हरनई के उपायुक्त सोहेल अनवर हाशमी ने मीडिया को बताया है कि कई लोगों को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हाशमी के मुताबिक हरनई में कई इमारतों को नुकसान पहुंचा है और लोग मलबे के नीचे दबे हुए हैं। इसलिए इलाके की बिजली आपूर्ति रोक दी गई है। अकेले हरनई में 70 से ज्यादा घरों के क्षतिग्रस्त होने की खबर है।