ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के पति ड्यूक ऑफ एडिनबर्ग प्रिंस फिलिप का निधन
ब्रिटेन के विंडसर कासल में शुक्रवार सुबह ली अंतिम सांस, मार्च में हुई थी हार्ट सर्जरी, ब्रिटेन के शाही परिवार में शोक की लहर

ब्रिटेन के प्रिंस फिलिप का निधन हो गया है। 99 वर्षीय प्रिंस ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के पति थे। रॉयल फैमिली ने एक बयान जारी कर उनके निधन की पुष्टि की है। बेहद दुख के साथ महारानी ने बताया है कि उनके पति और ड्यूक ऑफ एडिनबर्ग प्रिंस फिलिप अब इस दुनिया में नहीं रहे। विंडसर कैसल में शुक्रवार सुबह उन्होंने अंतिम सांस ली। प्रिंस फिलिप के गुजर जाने से ब्रिटेन के शाही परिवार में शोक की लहर है। देश दुनिया से शोक संदेशों का तांता लगा हुआ है। ब्रिटेन में राजकीय शोक की घोषणा की गई है।
मार्च महीने में लंदन में उनके हार्ट का ऑपरेशन हुआ था। उस दौरान प्रिंस फिलिप को 16 दिनों तक लंदन के अस्पताल में रहना पड़ा था। मार्च में तबीयत बिगड़ने पर उन्हें निजी किंग एडवर्ड सप्तम अस्पताल में दाखिल किया गया था। जिसके बाद उनकी हार्ट सर्जरी सेंट बार्थोलोमेव अस्पताल में हुई थी। जहां उनकी सर्जरी सफल हुई थी।
21 अप्रैल को रानी एलिजाबेथ का 95वां जन्मदिन है, महारानी के जन्मदिन के 12 दिन पहले ही उनके पति ड्यूक ऑफ एडिनबर्ग की मृत्यु हो गई।
महारानी एलिजाबेथ और फिलिप की शादी 1947 में हुई थी। तब से दोनों साए की तरह साथ रहते थे। दोनों ने जनवरी में कोरोना वैक्सीन भी लगवाई थी।