ट्विटर पर पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की वापसी, एलन मस्क ने पोल के बाद लिया फैसला

ट्विटर के मालिक एलन मस्क ने एक पोल के जरिए लोगों से पूछा था कि ट्रंप का अकाउंट बहाल किया जाए या नहीं। 51.8 फीसदी लोगों ने डोनाल्ड ट्रंप की ट्विटर पर वापसी का समर्थन किया।

Updated: Nov 20, 2022, 04:51 AM IST

कैलिफोर्निया। अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का ट्विटर अकाउंट बहाल कर दिया गया है। करीब 22 महीने बाद ट्रंप की ट्विटर पर वापसी हुई है। दरअसल, एलन मस्क ने इसके लिए एक ट्विटर पोल चलाया था, जिसमें 15 मिलियन मतदाताओं ने ट्रम्प का अकाउंट रिएक्टिवेट करने का समर्थन किया, जिसके आधार पर कंपनी के नए मालिक ने यह फैसला लिया।

एलन मस्क ने ट्वीट किया, 'लोगों का बहुमत है​ कि ट्रम्प के अकाउंट को बहाल किया जाए।' "वोक्स पोपुली, वोक्स देई।" यह एक लैटिन वाक्यांश है, जिसका अर्थ है, "लोगों की आवाज, भगवान की आवाज है।" बता दें कि पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को 6 जनवरी 2021 को हुई कैपिटल हिल हिंसा के बाद ट्विटर पर बैन कर दिया गया था। पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के समर्थकों ने 2020 में हुए राष्ट्रपति चुनावों के परिणामों को बदलने की मांग करते हुए हिंसा की थी और इसमें ट्रंप की भूमिका को देखते हुए ट्विटर ने यह फैसला किया था।

बैन से पहले ट्रंप के ट्विटर अकाउंट 88 मिलियन से अधिक फॉलोवर थे। अमेरिका के राष्ट्रपति रहने के दौरान ट्रंप ट्विटर को मुखपत्र के रूप में इस्तेमाल करते थे। वह इस पर नीतिगत घोषणाएं पोस्ट करते थे। साथ ही राजनीतिक प्रतिद्वंद्वियों पर हमला करने और समर्थकों के साथ संवाद करने के लिए भी वह ट्विटर का ही सहारा लेते थे। हालांकि, ट्रंप ने बैन लगने के बाद कहा था कि वह ट्विटर पर कभी नहीं लौटेंगे।

ट्विटर पर प्रतिबंधित किए जाने के बाद ट्रंप ने ट्रुथ सोशल लॉन्च किया था। यह उनका अपना एक छोटा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म है। जिसके जरिए वह अपने समर्थकों से संवाद करते हैं। ट्विटर ने जब उन्हें ब्लॉक किया था, तब से वह इसका इस्तेमाल कर रहे हैं। ब्लूमबर्ग के मुताबिक शनिवार को लास वेगास में एक बैठक के दौरान भाषण में ट्रंप ने कहा था कि उन्हें एलन मस्क के पोल के बारे में पता है, लेकिन उन्हें ट्विटर में बहुत सारी समस्याएं दिखती हैं। बहरहाल, ट्रंप अब ट्विटर को अपनाएंगे या नहीं इस बात को लेकर उनकी कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।