अंतरिक्ष में हूं, धरती पर आकर शादी करूंगा, फर्जी Astronaut बन महिला से ठगे 25 लाख

जापान में रोमांस स्कैम का अजीबोगरीब मामला, शादी का झांसा देकर फर्जी अंतरिक्ष यात्री ने महिला से ठगे लाखों रुपए, जांच में जुटी पुलिस

Updated: Oct 12, 2022, 01:56 PM IST

टोक्यो। जापान में रोमांस स्कैम का एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। यहां फर्जी एस्ट्रोनॉट के प्यार में पड़कर जापान की एक महिला लाखों रुपये गंवा बैठी। ठग ने खुद को रूस का अंतरिक्ष यात्री बताया था और महिला से वादा किया था कि धरती पर आते ही शादी करूंगा। आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक पीड़ित महिला शिगा प्रान्त की रहने वाली है। महिला की उम्र 65 साल बताई जा रही है। आरोपी शख्स ने महिला से कथित तौर पर लगभग 4.4 मिलियन येन यानि 24.8 लाख रुपये की धोखाधड़ी की है। जापान के टीवी असाही की रिपोर्ट के मुताबिक इसी साल जून में महिला और फर्जी अंतरिक्ष यात्री इंस्टाग्राम के जरिए एक दूसरे से मिले। 

यह भी पढ़ें: लक्ष्मी, सरस्वती और दुर्गा को पटाओ, हिंदू देवियों को लेकर पूर्व भाजपा अध्यक्ष का शर्मनाक बयान

महिला ने पुलिस को अपनी शिकायत में बताया कि शख्स ने खुद को रूस का एक एस्ट्रोनॉट बताया था। उसकी प्रोफाइल पर अंतरिक्ष की तस्वीरें भी थीं। जिन्हें देख कर लगा कि वो सच में अंतरिक्ष स्टेशन में काम करता है। दोनों के बीच इंस्टाग्राम पर ही मैसेज के जरिए बातचीत शुरू हो गई। फिर दोनों जापानी मैसेजिंग एप्लिकेशन लाइन पर बात करने लगे। कुछ समय बाद ही आरोपी ने कथित तौर पर महिला से कहा कि वो उससे प्यार करने लगा है और उससे शादी करना चाहता है।

महिला का आरोप है कि नकली एस्ट्रोनॉट ने उसे सपने दिखाए कि वो जापान आकर उनके साथ एक नया जीवन शुरू करना चाहता है। महिला को इन बातों पर यकीन भी हो गया। फिर एक दिन ठग ने महिला को बताया कि पृथ्वी पर रॉकेट लैंड कराने के लिए उसे फीस देनी होगी और उसे पैसों की जरूरत है। महिला ने उसे 19 अगस्त से 5 सितंबर के बीच 5 बार पैसे भेजे। ठग ने महिला से कुल 4.4 येन यानी 24 लाख 80 हजार रुपए लूटे।