रूसी सेना का कार्गो प्लेन क्रैश, 15 सैन्यकर्मियों की मौत, दो महीने में दूसरा हादसा

घटना की वजह इंजन में आग लगना बताई गई है। रूस की डिफेंस मिनिस्ट्री ने भी हादसे की पुष्टि की है। यह प्लेन इवानोवो इलाके में क्रैश हुआ है।

Updated: Mar 13, 2024, 09:29 AM IST

मॉस्को। रूसी सेना का एक और प्लेन क्रैश हो गया है। मंगलवार को सेना का कार्गो प्लेन क्रैश हो गया। इसमें 15 लोग सवार थे। क्रैश में सभी लोगों की मौत हो गई है। घटना की वजह इंजन में आग लगना बताई गई है। रूस की डिफेंस मिनिस्ट्री ने भी हादसे की पुष्टि की है। यह प्लेन इवानोवो इलाके में क्रैश हुआ है।

रूस के सोशल मीडिया पर कई वीडियो वायरल हो रहे हैं। हालांकि, डिफेंस मिनिस्ट्री ने किसी वीडियो की पुष्टि नहीं की है। पिछले दो महीने में यह दूसरा हादसा है। इसके पहले जनवरी में रूस का एक प्लेन क्रैश हुआ था। इसमें 74 लोग मारे गए थे। इनमें ज्यादातर यूक्रेन के कैदी थे।

रूस की डिफेंस मिनिस्ट्री के मुताबिक क्रैश होने वाला प्लेन IL-76 था। इसमें चार इंजन होते हैं। मंगलवार को टेकऑफ के कुछ देर बाद इसके एक इंजन में आग लग गई। यह तेजी से नीचे की तरफ आया और क्रैश हो गया। क्रैश साइट से गहरा काला धुआं उठते देखा जा सकता है। घटना रूसी वक्त के मुताबिक दोपहर करीब 1 बजे हुई।

रूस की सरकारी न्यूज एजेंसी तास के मुताबिक कार्गो प्लेन में 8 क्रू मेंबर्स और सात पैसेंजर शामिल थे। जैसे ही इसने टेकऑफ किया, वैसे ही इसके बाईं तरफवाले इंजन में आग लग गई। सूत्रों के मुताबिक- प्लेन में मौजूद कोई भी शख्स जिंदा नहीं बचा। हालांकि, इस बारे में ऑफिशियल स्टेटमेंट फिलहाल जारी नहीं किया गया है। इवानोवो इलाके से यूक्रेन बॉर्डर करीब 700 किलोमीटर दूर है।