कोविड-19 के मामलों में बढ़ोत्तरी के बाद सऊदी अरब ने भारत सहित 16 देशों में अपने नागरिकों की यात्रा पर लगाया प्रतिबंध 

भारत के अलावा लेबनान, सीरिया, ईरान, तुर्की, अफगानिस्तान, यमन, वेनेजुएला, सोमालिया, इथियोपिया, कांगो गणराज्य, लीबिया, इंडोनेशिया, वियतनाम, आर्मेनिया, बेलारूस की यात्रा पर सऊदी सरकार ने लगाया प्रतिबंध

Updated: May 23, 2022, 04:25 AM IST

नई दिल्ली। 
कोविड-19 के मामलों में बढ़ोत्तरी दर्ज किये जाने के बाद सऊदी अरब सरकार ने अपने देश के नागरिकों के भारत सहित 16 देशों की यात्रा पर प्रतिबंध लगा दिया है। जिन 16 देशों में सऊदी अरब के नागरिकों के यात्रा करने पर रोक लगाई गई है उनमें भारत के अलावा लेबनान, सीरिया, ईरान, तुर्की, अफगानिस्तान, यमन, वेनेजुएला, सोमालिया, इथियोपिया, कांगो गणराज्य, लीबिया, इंडोनेशिया, वियतनाम, आर्मेनिया, बेलारूस शामिल हैं। इन देशों में अपने नागरिकों के यात्रा पर प्रतिबंध की सूचना सऊदी सरकार के पासपोर्ट महानिदेशालय ने शनिवार को दी है। 

हालाँकि प्रतिबंध के इस आदेश में ये साफ़ नहीं किया गया है कि प्रतिबंधित किये गए देशों के नागरिक भी सऊदी अरब की यात्रा नहीं कर सकते हैं। वहीं सऊदी अरब में स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से साफ़ किया गया है कि देश में अभी तक मंकीपॉक्स के एक भी मामले की पुष्टि नहीं हुई है। सऊदी अरब के उप स्वास्थ्य मंत्री अब्दुल्ला असिरी ने कहा है कि देश के पास मंकीपॉक्स के मामलों के पता करने की क्षमता है। यदि देश में मंकीपॉक्स का कोई मामला सामने आता है तो सरकार संक्रमण से निपटने के लिए तैयार है। 
इस बीच इजराइल में मंकीपॉक्स का एक मामला सामने आया है। विश्व स्वास्थ्य संगठन ने भी 11 देशों में मंकीपॉक्स के 80 मामलों की पुष्टि कर दी है। डब्लूएचओ ने कहा है कि मंकीपॉक्स को बेहतर ढंग से समझने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि इसके बढ़ते संक्रमण पर लगाम लगाई जा सके। दरअसल यूरोप और अमेरिका में मंकीपॉक्स के मरीज बढ़ते ही जा रहे हैं।