अमेरिका में भारतीय मूल के परिवार की संदिग्ध मौत, घर में मिली पति-पत्नी और दो मासूम बच्चों की लाशें

प्लेन्सबोरो पुलिस विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक, 43 वर्षीय तेज प्रताप सिंह और 42 वर्षीय सोनल परिहार अपने 10 वर्षीय बेटे और 6 वर्षीय बेटे के साथ प्लेन्सबोरो में रहते थे। वे चारों घर के भीतर मृत अवस्था में पाए गए।

Updated: Oct 07, 2023, 09:24 AM IST

अमेरिकी राज्य न्यू जर्सी में एक भारतीय मूल का परिवार संदिग्ध हालत में मृत पाया गया है। मृतकों में पति-पत्नी और उनके दो मासूम बच्चे शामिल थे। इस मामले में पुलिस मर्डर एंगल से जांच कर रही है। पुलिस फिलहाल ये मिस्ट्री अब तक नहीं सुलझ पाई है कि यह हत्या है या आत्महत्या।

प्लेन्सबोरो पुलिस विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक, 43 वर्षीय तेज प्रताप सिंह और 42 वर्षीय सोनल परिहार अपने 10 वर्षीय बेटे और 6 वर्षीय बेटे के साथ बुधवार की शाम 4:30 बजे के बाद प्लेन्सबोरो में अपने घर के भीतर मृत अवस्था में पाए गए। प्लेन्सबोरो पुलिस ने इस घटना के बारे में गुरुवार को जानकारी दी।

4 अक्टूबर की शाम को 911 कॉल के जरिए अधिकारियों को प्लेन्सबोरो में एक घर में जांच किए जाने संबंधी कॉल मिली थी। इसके बाद जब वे लोग वहां पहुंचे तो प्लेन्सबोरो पुलिस विभाग को घर में चार लोग मृत हालत में मिले। अधिकारियों ने कहा, ''इस संगीन मामले की जांच जारी है और लाशों का पोस्टमार्टम कराया गया है।"

इसके बाद इलाके के लोगों से इस संबंध में कोई भी जानकारी या सीसीटीवी निगरानी फुटेज मिलने पर प्लेन्सबोरो पुलिस विभाग को कॉल करने के लिए कहा गया है। मेयर पीटर कैंटू और सार्वजनिक सुरक्षा निदेशक चीफ इमोन ब्लैंचर्ड ने अपने एक साझा बयान में कहा कि हम सभी इस दुखद घटना से दुखी हैं। हमारे समुदाय में जो हुआ वह समझ से परे है।