नाइजीरिया में भयानक नरसंहार, बोको हरम ने 110 किसानों को बेरहमी से मार डाला

संयुक्त राष्ट्र ने जानकारी दी है कि आतंकवादी गिरोह बोको हरम ने किसानों की गला रेतकर हत्या करने के बाद उनके परिवार की महिलाओं का अपहरण भी कर लिया

Updated: Nov 30, 2020, 06:27 PM IST

Photo Courtesy: Newsduniya24
Photo Courtesy: Newsduniya24

नाइजीरिया में आतंकी गिरोह बोको हरम ने भयानक नरसंहार किया है। इस खूंख्वार आतंकवादी गिरोह ने खेतों में काम कर रहे 110 किसानों की गला रेतकर हत्या कर दी है। संयुक्त राष्ट्र ने जानकारी दी है कि बोको हरम के आतंकवादियों ने इजीरिया में यह कत्लेआम करने के बाद किसानों के परिवारों की महिलाओं का अपहरण करके ले गए हैं। संयुक्त राष्ट्र ने इस नरसंहार की निंदा करते हुए चिंता जताई है। नाइजीरिया के राष्ट्रपति मोहम्मद बुहारी ने हमले की निंदा करते हुए कहा है कि इस नरसंहार का दर्द पूरा देश महसूस कर रहा है।

नाइजीरिया में संयुक्‍त राष्‍ट्र के मानवीय समन्‍वयक एडवर्ड कल्‍लोन ने कहा कि बोको हरम के दरिदों ने नाइजीरिया में निर्दोष नागरिकों पर किसानों पर यह हमला शनिवार को मुख्य शहर मैदुगुरी के नजदीक बसे एक गांव कोशोबे में किया। हमले के बारे में मिली शुरुआती जानकारी में 43 लोगों की हत्या किए जााने की बात सामने आई थी, लेकिन बाद में पता चला कि मरने वालों की संख्या सौ से ज़्यादा है। 

बताया जा रहा है कि हमले के दौरान बोको हरम के हत्यारों ने किसानों को पहले तो बांध दिया और फिर उनका गला काट दिया। इस हमले के दौरान कई लोग बुरी तरह घायल भी हुए हैं। संयुक्त राष्ट्र के प्रतिनिधि के मुताबिक पिछले काफी अरसे के दौरान आम नागरिकों पर किया गया यह बोको हरम का सबसे भयानक हमला है।

हमले में बचे लोगों की मदद करने वाले मिलिशिया लीडर बाबाकुरा कोलो ने भी पुष्टि की है कि यह नरसंहार बोको हरम के आतंकवादियों ने ही किया है। उनका कहना है कि जिस इलाके में हमला हुआ, वहां बोको हरम काफी सक्रिय हैं और पहले भी कई बार हमला कर चुका है।