फ्रांस में नहीं थम रही हिंसा, 1300 से ज्यादा लोग गिरफ्तार, राष्ट्रपति ने रद्द की जर्मनी की यात्रा

फ्रांस में नाबालिग की मौत के बाद से भड़का बवाल अभी तक जारी है। सरकार ने सूर्यास्त से पहले सभी सार्वजनिक बस और ट्राम सेवाएं पूरी तरह से बंद करने के निर्देश जारी किए हैं।

Updated: Jul 02, 2023, 12:17 PM IST

पेरिस। फ्रांस में पुलिस द्वारा एक 17 वर्षीय किशोर की हत्या से भड़के दंगे थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। अब तक 1300 से ज्‍यादा लोगों को हिरासत में लिया जा चुका है। दंगों को रोकने के लिए 45 हजार सुरक्षाकर्मी तैनात किये गए हैं, लेकिन हालात अभी तक काबू से बाहर हैं। ऐसे में राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के लिए एक गंभीर संकट पैदा हो गया है। राष्‍ट्रपति मैक्रों का पूरा फोकस इस समय दंगों पर किसी भी तरह काबू पाना है। इसी वजह से फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने अपनी जर्मनी की राजकीय यात्रा स्थगित कर दी है।

दरअसल, फ्रांस में नाहेल एम नाम के युवक को मंगलवार (27 जून) को ट्रैफिक स्टॉप पर एक पुलिसकर्मी ने गोली मार दी थी। इस घटना ने देश में दंगों को भड़का दिया, जहां वर्षों से पुलिस पर अल्पसंख्यकों को निशाना बनाकर अलग करने के लिए आरोपी ठहराया जाता रहा है। करीब 40 हजार से ज्यादा पुलिस की तैनाती भी विरोध प्रदर्शनों को रोकने में सफल नही हो पा रही है। फ्रांस सरकार ने कहा कि नाहेल की मौत की चौथी रात प्रदर्शनों के दौरान 1311 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक भारी सुरक्षा व्यवस्था के बावजूद चौथी रात को व्यापक विरोध प्रदर्शन हुए। विभिन्न शहरों में प्रदर्शनकारियों ने कई वाहनों, इमारतों में आग लगा दी, स्टोर में लूटपाट की। अधिकारियों के मुताबिक रातभर युवा प्रदर्शनकारियों की पुलिस से भिड़ंत हुई। उन्होंने बतया कि विभिन्न जगहों पर प्रदर्शनकारियों ने करीब 2,500 दुकानों में आग लगा दी और तोड़फोड़ की। 

राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने अभिभावकों से अपने बच्चों को सड़कों से दूर रखने की अपील की और हिंसा को बढ़ावा देने के लिए सोशल मीडिया को दोषी ठहराया। नैनटेरे के उपनगर में पुलिस की गोलीबारी में मारे गए किशोर नाहेल को दफनाने की प्रक्रिया शनिवार को शुरू कर दी गई। हालांकि, सरकार का कहना है कि कड़े सुरक्षा उपायों के कारण हिंसक घटनाओं में कमी आई है। मंगलवार रात को प्रदर्शन की शुरुआत के बाद से पुलिस ने कुल 2,400 लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें से आधी से ज्यादा गिरफ्तारियां हिंसा की चौथी रात में हुईं। पेरिस से मार्सिले और ल्योन तक हिंसा की आग फैल गई है जिसमें सैकड़ों पुलिसकर्मी और दमकलकर्मी घायल हुए हैं।

इस बीच, फ्रांस की राष्ट्रीय फुटबॉल टीम, जिसमें अंतरराष्ट्रीय स्टार किलियन एम बापे भी शामिल हैं, ने हिंसा को समाप्त करने का अनुरोध किया। खिलाड़ियों ने एक बयान में कहा, ‘हम दर्द और दुख की इस भावना को साझा करते हैं। हिंसा से कुछ समाधान नहीं निकलेगा। अभिव्यक्ति के अन्य शांतिपूर्ण और रचनात्मक तरीके हैं।’ बता दें कि मंगलवार को यातायात जांच के दौरान 17 वर्षीय नाहेल की हत्या का वीडियो सामने आया था। इस घटना ने देश को झकझोर कर रख दिया है और लोग काफी आक्रोशित हैं। मौत के बाद पेरिस उपनगर में गुस्सा फूट पड़ा और तेजी से पूरे देश में हिंसा भड़क गई।