हम तीसरे विश्वयुद्ध से महज एक कदम दूर, चुनाव जीतते ही पुतिन ने पश्चिमी देशों को दी चेतावनी

व्लादिमीर पुतिन ने कहा है कि रूस और अमेरिका के नेतृत्व वाले नाटो सैन्य गठबंधन के बीच सीधे संघर्ष का मतलब होगा कि पृथ्वी तीसरे विश्व युद्ध से एक कदम दूर है।

Updated: Mar 18, 2024, 01:46 PM IST

मॉस्को। व्लादिमीर पुतिन ने रूस में हुए राष्ट्रपति चुनाव में बड़ी जीत हासिल की है। चुनाव नतीजों के बाद पुतिन का पांचवी बार रूस का राष्ट्रपति बनना तय हो गया है। सोमवार को नतीजों की घोषणा होने के बाद पुतिन ने अपने पहले संबोधन में पश्चिमी देशों को धमकी देते हुए तीसरे विश्वयुद्ध की चेतावनी दे दी। उन्होंने कहा कि रूस और अमेरिका के नेतृत्व वाले नाटो गठबंधन में अगर संघर्ष हुआ तो इसका मतलब ये है कि यह दुनिया तीसरे विश्वयुद्ध से महज एक कदम दूर होगी।

दरअसल, यूक्रेन युद्ध के कारण पश्चिम के साथ मास्को के संबंधों में एक गहरा संकट पैदा कर दिया है। पुतिन अक्सर ही परमाणु युद्ध के खतरों के बारे में चेतावनी देते रहे हैं। लेकिन उनका यह कहना है कि उन्हें कभी भी यूक्रेन में परमाणु हथियारों के इस्तेमाल की जरूरत महसूस नहीं हुई। वे अमेरिका समेत अन्य देशों को जरूर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी देते रहे हैं।

उधर, फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रॉन ने पिछले महीने कहा था कि वह भविष्य में यूक्रेन में जमीनी सैनिकों की तैनाती से इनकार नहीं कर सकते हैं फिर चाहे कई पश्चिमी देशों ने इससे दूरी क्यों न बना ली हो। वहीं पूर्वी यूरोप ने यूक्रेन ने अपना समर्थन व्यक्त किया है।

15-17 मार्च के रूसी चुनाव से पहले, यूक्रेन ने रूस के खिलाफ हमले तेज कर दिए, सीमावर्ती क्षेत्रों पर गोलाबारी की और यहां तक कि रूस की सीमाओं को भेदने की कोशिश करने के लिए हथियारों का इस्तेमाल भी किया। वहीं, चुनाव में जीत दर्ज करने के बाद पुतिन ने कहा कि मैं इसे बार-बार कह रहा हूं और मैं इसे फिर से कहूंगा। हम शांति वार्ता के पक्ष में हैं, लेकिन सिर्फ इसलिए नहीं कि दुश्मन के पास गोलियां खत्म हो रही हैं। अगर वे वास्तव में, गंभीरता से, लंबी अवधि में दोनों राज्यों के बीच शांतिपूर्ण, अच्छे-पड़ोसी संबंध बनाना चाहते हैं।