लाड़ली बहनों के खाते में आज आएंगे 1250 रुपए, शिवराज बोले- बहनें, लखपति बनें, इस अभियान में जुटूंगा

महिला सशक्तिकरण मेरे जीवन का मिशन है। अब लाड़ली बहनें, लखपति बनें, इस अभियान में जुटूंगा। मेरी सभी बहनों को बहुत-बहुत शुभकामनाएं: शिवराज सिंह चौहान

Updated: Jan 10, 2024, 12:30 PM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश में नई सरकार की गठन के बाद लाड़ली बहना योजना की पहली किस्त बुधवार को जारी होगी। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव आज महिलाओं के खातों में 1576.61 करोड़ रुपए ट्रांसफर करेंगे। इस मौके पर पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान भी चर्चा में हैं। उन्होंने मीडिया से कहा कि अब बहनें, लखपति बनें, इस अभियान में जुटूंगा।

शिवराज सिंह चौहान ने एक ट्वीट में लिखा, 'मध्य प्रदेश की मेरी लाड़ली बहनों, आज 10 तारीख तथा लाड़ली बहना दिवस है और आज ही आपके खाते में ₹1250 आने वाले हैं। महिला सशक्तिकरण मेरे जीवन का मिशन है। अब लाड़ली बहनें, लखपति बनें, इस अभियान में जुटूंगा। मेरी सभी बहनों को बहुत-बहुत शुभकामनाएं।'

लाडली बहना योजना की किश्त जारी करने के लिए महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा राजधानी के कुशाभाऊ ठाकरे कन्वेंशन सेंटर में राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव इस दौरान मध्य प्रदेश में 15 जनवरी 2024 तक मनाए जाने वाले महिला सशक्तिकरण सप्ताह की भी शुरुआत भी करेंगे।

रिपोर्ट्स के मुताबिक महिला सशक्तिकरण सप्ताह के दौरान जिलास्तर पर लाड़ली लक्ष्मी फ्रेंडली ग्राम पंचायतों को पुरस्कृत किया जाएगा। प्रतियोगी परीक्षाओं में चयनित बालिकाओं का सम्मान और उल्लेखनीय कार्य करने वाले शौर्य दल के सदस्य को भी सम्मानित किया जाएगा।