मध्य प्रदेश के 22 लाख बच्चों ने छोड़ा स्कूल, कांग्रेस ने सरकार से की श्वेत पत्र जारी करने की मांग
मंत्री ने माना कि 2016-17 से लेकर 2023-24 तक एमपी के सरकारी स्कूलों में पहली कक्षा से 12वीं तक के 12 लाख 23 हजार 384 स्टूडेंट्स घटे हैं।

भोपाल। मध्य प्रदेश में स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा छात्रों को वर्ल्ड क्लास एजुकेशन मुहैया कराने के दावे पर एक बार फिर सवाल खड़े हुए हैं। राज्य में पिछले 7 साल में सरकारी और प्राइवेट स्कूलों से 22 लाख स्टूडेंट्स कम हुए हैं। यह बात खुद स्कूल शिक्षा मंत्री राव उदय प्रताप सिंह ने बुधवार को विधानसभा में एक सवाल के जवाब में कही है।
मंत्री ने माना कि 2016-17 से लेकर 2023-24 तक एमपी के सरकारी स्कूलों में पहली कक्षा से 12वीं तक के 12 लाख 23 हजार 384 स्टूडेंट्स घटे हैं। इन 7 साल के दौरान सरकारी स्कूलों में कक्षा पहली से पांचवीं में 635434, कक्षा 6 से 8 में 483171 और कक्षा 9 से 12 में 104479 बच्चे कम हुए हैं।
स्कूल शिक्षा मंत्री राव उदय प्रताप सिंह ने अपने जवाब में बताया कि 2016-17 से 2023-24 तक प्राइवेट स्कूलों में बच्चों की संख्या घटी है। प्राइवेट स्कूलों में कक्षा 1 से 5वीं में 625409, कक्षा 6 से 8वीं में 15656 और कक्षा 9 से 12वीं में 284986 बच्चे कम हुए हैं। इस पूरी अवधि में प्राइवेट स्कूलों में कक्षा 1 से 12 तक के कुल 926051 बच्चे घटे हैं।
यह स्थिति तब है, जब मध्य प्रदेश के एजुकेशन सिस्टम को वर्ल्ड क्लास बनाने के दावे किए जा रहे हैं। साउथ कोरिया और दिल्ली जैसे एजुकेशन मॉडल को लागू करने के लिए स्कूल शिक्षा विभाग के अफसर कई बार देश के अन्य राज्यों ही नहीं, विदेश की यात्राएं भी कर आए हैं।
यह भी पढ़ें: इंदौर में MPPSC के खिलाफ छात्रों का प्रदर्शन, मांगें पूरी नहीं होने पर दी आमरण अनशन की चेतावनी
स्कूल शिक्षा मंत्री से सवाल पूछने वाले धार की सरदारपुर सीट से कांग्रेस विधायक प्रताप ग्रेवाल ने कहा कि सरकारी स्कूलों में कक्षा 1 से 8वीं तक 2010-11 में 105.29 लाख नामांकन थे। 2022-23 में यह घटकर मात्र 65.48 लाख रह गया। सरकारी और निजी स्कूलों को मिलाकर 2010-11 में 154.23 लाख एनरोलमेंट घटकर 2022-23 में 108.01 लाख हो गए। प्रदेश की आबादी एक करोड़ से ज्यादा बढ़ी और स्कूलों में बच्चे 46.22 लाख कम हो गए। विधायक ग्रेवाल ने पूछा कि क्या सरकार स्कूलों में बच्चों की इस कमी को देखते हुए इस मुद्दे पर श्वेत पत्र जारी करेगी।