भोपाल में तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पलटी, बैंककर्मी समेत दो की मौत

बताया जा रहा है कि हादसे में जान गंवाने वाला बैंककर्मी अपनी मां का जन्मदिन मनाने इंदौर से रेहटी (सीहोर) आया था। गुरुवार देर रात लौटते समय हादसा हो गया।

Updated: Dec 01, 2023, 01:03 PM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में गुरुवार देर रात एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पलट गई। इस भीषण सड़क हादसे में एक बैंककर्मी समेत दो लोगों की मौत हो गई। वहीं दो अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। घायलों को हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक हादसे में जान गंवाने वाला बैंककर्मी अपनी मां का जन्मदिन मनाने इंदौर से रेहटी (सीहोर) आया था। गुरुवार देर रात लौटते समय हादसा हो गया। एमपी नगर पुलिस ने जेपी हॉस्पिटल के कैजुअल्टी मेडिकल ऑफिसर की सूचना पर मर्ग कायम किया है। पुलिस ने बताया कि मूलत: रेहटी (सीहोर) का रहने वाला विक्रम गुप्ता उर्फ रिदम इंदौर में एक निजी बैंक में जॉब करता था। गुरुवार को विक्रम की मां का बर्थ डे था। वह मां का जन्मदिन मनाने अपने चार दोस्तों के साथ रेहटी गया था।

यह भी पढ़ें: 5 राज्यों के चुनाव खत्म होते ही जनता को लगा महंगाई का झटका, बढ़ गए गैस सिलेंडर के दाम

विक्रम, अभिराज सिंह और दो अन्य दोस्तों के साथ देर रात करीब 1.30 बजे रेहटी से इंदौर के लिए रवाना हुआ था। भोपाल में सभी न्यू मार्केट से बोर्ड ऑफिस की ओर जा रहे थे, तभी शिवाजी नगर चौराहा पर कार अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में 26 वर्षीय विक्रम गुप्ता और 24 वर्षीय अभिराज सिंह की मौत हो गई। कार की रफ्तार बहुत तेज थी।