इंदौर की 5 साल की वंडर गर्ल ने रचा इतिहास, 28 सेकंड में सुलझाई सुडोकू पहेलियां

इंदौर की 5 वर्षीय जियाना कटारिया ने असाधारण बुद्धिमत्ता से 5 सुडोकू पहेलियां मात्र 28 सेकंड में हल कर वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया। इंटरनेशनल बुक ऑफ रिकॉर्ड्स ने उपलब्धि को मान्यता दी।

Updated: Feb 21, 2026, 03:27 PM IST

इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर की पांच वर्षीय जियाना कटारिया ने अपनी असाधारण बुद्धिमत्ता और एकाग्रता से विश्व पटल पर पहचान बना ली है। महज 5 साल, 3 महीने और 11 दिन की उम्र में जियाना ने 4x4 आकार की पांच आसान सुडोकू पहेलियों को केवल 28 सेकंड 4 मिलीसेकंड में हल कर दिया। इसी के साथ वह फास्टेस्ट टू कम्पलीट 5 ईजी लेवल 4x4 सुडोकू पजल (किड) श्रेणी में विश्व रिकॉर्ड स्थापित कर दिया है। इस उपलब्धि को इंटरनेशनल बुक ऑफ रिकॉर्ड्स ने आधिकारिक मान्यता देते हुए जियाना को प्रमाणपत्र प्रदान किया है।

इतनी कम उम्र में इतनी तीव्र गणनात्मक क्षमता और मानसिक फुर्ती विशेषज्ञों के अनुसार असाधारण मानी जाती है। जियाना ने न केवल सभी पहेलियों को रिकॉर्ड समय में पूरा किया बल्कि उन्हें पूरी तरह सही हल कर यह साबित किया कि उसकी पकड़ केवल गति पर ही नहीं बल्कि सटीकता पर भी है। यह उपलब्धि इंदौर शहर और पूरे मध्य प्रदेश के लिए गौरव का विषय है।

यह भी पढ़ें:MP में फरवरी में लौटी ठंड, कई जिलों में बारिश-आंधी का दौर, ओलावृष्टि ने बढ़ाई किसानों की चिंता

जियाना के माता-पिता ने बताया कि उसे बचपन से ही नंबर गेम्स और पजल्स में विशेष रुचि थी। घर में उसे सीखने के लिए कभी दबाव नहीं दिया गया बल्कि खेल-खेल में उसकी रुचि को प्रोत्साहित किया गया। जियाना के पिता विनय कटारिया का कहना है कि उन्होंने हमेशा उसे स्वतंत्र रूप से सीखने का अवसर दिया। जिससे उसका आत्मविश्वास और स्वाभाविक प्रतिभा विकसित हुई। वहीं, मां एकता कटारिया ने मीडिया से बातचीत में कहा कि अपनी बेटी को रिकॉर्ड बनाते देखना उनके लिए अत्यंत भावुक और गर्व का क्षण था।

सुडोकू, जिसे दिमागी कसरत का प्रभावी माध्यम माना जाता है वह बच्चों में स्मरण शक्ति, तार्किक सोच और गणितीय समझ को मजबूत करता है। किड सुडोकू वयस्कों के संस्करण की तुलना में सरल होता है। इसमें 1 से 9 तक के अंकों के बजाय सामान्यतः 1 से 4 या 1 से 6 तक के अंक उपयोग किए जाते हैं। ग्रिड आकार में छोटा होता है और कई संकेत पहले से भरे होते हैं जिससे छोटे बच्चों के लिए इसे समझना और हल करना आसान हो जाता है।

यह भी पढ़ें:भिंड में दर्दनाक सड़क हादसा, बस ने ईको कार को मारी टक्कर, 4 की मौके पर मौत और 7 घायल