इंदौर में 5 हास्य कलाकार गिरफ्तार, विधायक के बेटे की शिकायत पर कार्रवाई

गिरफ्तार हास्य कलाकारों पर धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का लगाया आरोप, कॉमेडी के दौरान अमित शाह पर भी टिप्पणी करने की ख़बर, बीजेपी विधायक के बेटे एकलव्य गौड़ पर कॉमेडियन से मारपीट का आरोप

Updated: Jan 02, 2021, 10:52 PM IST

Photo Courtesy: twitter
Photo Courtesy: twitter

इंदौर। नए साल पर शहर के एक कैफे में स्टैंड अप कॉमेडी कर रहे पांच हास्य कलाकारों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पांचों को बीजेपी विधायक मालिनी गौड़ के बेटे एकलव्य सिंह गौड़ की शिकायत पर गिरफ्तार किया गया है। एकलव्य ने इन लोगों पर धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का आरोप लगाया है।  जबकि कुछ मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक एकलव्य गौड़ पर हास्य कलाकाोंर से मारपीट का आरोप भी लगा है। हालांकि एकलव्य ने इन आरोपों को गलत बताया है।

पुलिस ने जिन लोगों को गिरफ्तार किया है, उनमें प्रखर व्यास, प्रियम व्यास, नलिन यादव, एडविन एंथोनी और मुनव्वर फारूकी शामिल हैं। पुलिस ने गिरफ्तार लोगों के खिलाफ धार्मिक भावनाओं को चोट पहुंचाने के अलावा गृह मंत्री अमित शाह और गुजरात गोधरा कांड के बारे में आपत्तिजनक टिप्पणी करने और कोरोना गाइड लाइन के उल्लंघन का केस भी दर्ज किया गया है।

यह सारा वाकया शुक्रवार को 56 दुकान इलाके के मुनरो कैफे में आयोजित न्यू इयर का फंक्शन के दौरान हुआ, जिसमें बीजेपी विधायक मालिनी गौड़ के बेटे एकलव्य सिंह गौड़ भी मौजूद थे। एकलव्य का आरोप है कि इस कॉमेडी शो में देवी-देवताओं के अलावा गृह मंत्री अमित शाह पर भी विवादित कमेंट किया गया।

खबरों के मुताबिक विधायक के बेटे ने पहले तो अपने दोस्तों के साथ हंगामा करके कार्यक्रम को बंद करवा दिया औऱ फिर पुलिस में उनके खिलाफ शिकायत भी दर्ज कराई। तुकोजीगंज थाने की पुलिस ने शिकायत के आधार पर हास्य कलाकारों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि एकलव्य ने कार्यक्रम की रिकॉर्डिंग का वीडियो भी पुलिस को सौंपा है।