परिजनों ने आदिवासी महिला की बेरहमी से की पिटाई, पेड़ पर लटकाकर किया लाठियों से वार

सोशल मीडिया पर अलीराजपुर के बोरी थाना क्षेत्र का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ लड़के एक आदिवासी महिला को पेड़ पर लटकाकर पीटते हुए दिखाई दे रहे हैं, मामला सामने आने के बाद पुलिस ने महिला के तीन चचेरे भाई और पिता के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है

Updated: Oct 08, 2021, 10:04 AM IST

Photo Courtesy : Times Of India
Photo Courtesy : Times Of India

अलीराजपुर। मध्यप्रदेश के अलीराजपुर में एक आदिवासी महिला की उसके ही परिजनों ने बेरहमी से पिटाई कर दी। महिला के परिजनों ने उसे पेड़ पर लटकाया और महिला पर बेरहमी से लाठी डंडे बरसाए। बेरहमी से पिटाई का यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। यह वीडियो अलीराजपुर के बोरी थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है।

वायरल वीडियो में महिला रोती बिलखती दिख रही है। उसे रस्सी से पेड़ पर लटका कर कुछ युवक उसके ऊपर लाठी डंडों से वार कर रहे हैं। महिला की पिटाई करने वाले यह युवक उसके चचेरे भाई हैं। वीडियो में इस हृदय विदारक घटना के प्रत्यक्ष दर्शी तक महिला की पिटाई होते देख हंसते हुए दिखाई दे रहे हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार महिला बार बार घर छोड़कर भाग जाती है, इसलिए उसके परिजनों ने बेरहमी से पिटाई कर दी।

वायरल वीडियो की शिकायत पुलिस तक पहुंचने के बाद चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले में महिला के पिता को भी आरोपी बनाया गया है। महिला ने खुद पुलिस थाने में इसकी शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने महिला की शिकायत पर उसके चचेरे भाइयों को गिरफ्तार कर लिया है।