भोपाल में मंत्री के बंगले पर कर्मचारी ने किया सुसाइड:पुलिस बोली- शराब पीने का आदी था, नशे में उठाया कदम

भोपाल में कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश सकलेचा के बंगले पर उनके एक कर्मचारी ने सुसाइड कर लिया।

Updated: Nov 20, 2023, 05:57 PM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से आत्महत्या का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश सकलेचा के बंगले पर उनके एक कर्मचारी ने सुसाइड कर लिया। मृतक का उम्र 58 साल है। 

मृतक रमेश रजक के बेटे सुनील रजक ने बताया कि रविवार शाम को मेरे पिता को अचानक उल्टियां होने लगी। हम उन्हें जेपी अस्पताल ले गए। रास्ते में उन्होंने जहरीला पदार्थ खाने की बात बताई। वहां से हमीदिया रैफर कर दिया गया। उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। सोमवार को पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।

सुनील ने बताया कि परिवार में कोई विवाद नहीं हुआ था। टीटी नगर थाने में पदस्थ ASI प्रीतम सिंह के मुताबिक मृतक मंत्री ओमप्रकाश सकलेचा के बंगले पर रहकर देख-रेख का काम करते थे। रविवार शाम को शराब के नशे में उन्होंने जहर खा लिया था। तबीयत बिगड़ने पर परिजनों ने उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया था। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।