चुनाव पूर्व भाजपा को एक और बड़ा झटका, चाचौड़ा से पूर्व विधायक ममता मीना ने छोड़ी पार्टी

चुनाव से पूर्व भाजपा को एक बार फिर बड़ा झटका लगा। चाचौड़ा से पूर्व विधायक ममता मीना ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। वह अब आम आदमी पार्टी ज्वाइन कर सकती हैं।

Updated: Sep 18, 2023, 05:32 PM IST

गुना। मध्य प्रदेश में भाजपा में लगातार बगावत हो रही है। एक के बाद एक कई नेता अबतक पार्टी से इस्तीफा दे चुके हैं। अब गुना की चचौड़ा सीट से भाजपा की पूर्व विधायक ममता मीना ने भाजपा को तगड़ा झटका दिया है। रविवार को ममता मीना ने पार्टी से नाराजगी जताते हुए अपने कई सहयोगी कार्यकर्ताओं के साथ भाजपा से इस्तीफा दे दिया है। खबर है कि अब वे आम आदमी पार्टी जॉइन करेंगीं। 

ममता मीना ने पार्टी पर अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए इस्तीफा दे दिया। वह टिकट नहीं मिलने और कम अनुभवी प्रत्याशी को टिकट दिए जाने को लेकर नाराज थीं। ममता चाचौड़ा विधानसभा सीट से चुनाव लड़ती आ रही हैं। 2018 में उन्हें कांग्रेस के लक्ष्मण सिंह ने हराया था। इस बार भी वे चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहीं थी। इसी बीच भाजपा ने चचौड़ा विधानसभा सीट से प्रियंका मीना को टिकट दे दिया, जिससे ममता नााराज हो गईं। अब ममता 20 सितंबर को दिल्ली में आम आदमी पार्टी का दामन थामेंगीं। 

ममता मीना ने अब क्षेत्र में भाजपा के खिलाफ मोर्चा खोलने की तैयारी कर चुकी हैं। उन्होंने बीजेपी से बगावती तेवर अपनाते हुए क्षेत्र में “जनादेश यात्रा” शुरू कर दी है। वे आम आदमी पार्टी से टिकट मिलने के बाद भाजपा की मुश्कीलें बढ़ा सकती हैं। जिसका सीधा फायदा कांग्रेस को होगा।

ममता मीना के पहले भाजपा से इस्तीफा देने वाले नेताओं की लिस्ट लंबी है। चुनाव के पूर्व मध्य प्रदेश में भाजपा के 20 से 45 साल पुराने राजनीतिक करियर वाले 40 से अधिक नेता इस्तीफा दे चुके हैं। पार्टी छोड़ने वाले नेताओं ने भाजपा पर भ्रष्टाचार जैसे गंभीर आरोप लगाए थे। सुसनेर से पूर्व विधायक संतोष जोशी, बदनावर सीट से पूर्व विधायक भंवर सिंह शेखावत, नर्मदापुरम के पूर्व विधायक गिरजाशंकर शर्मा, कोलरस सीट से विधायक वीरेंद्र रघुवंशी जैसे दिग्गज भाजपा से इस्तीफा दे चुके हैं।