सतना से अलग होकर मैहर बनेगा 55वां जिला, सीएम शिवराज का एक और चुनावी दांव

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री चुनाव के पहले लगातार जिला बनाने की घोषणा करते जा रहे हैं। इस दौरान उन्होंने 3 नए जिले बना दिए।

Publish: Sep 05, 2023, 11:46 AM IST

Image courtesy- Twitter
Image courtesy- Twitter

सतना। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री जिस प्रकार नए जिले बना हर 10 दिन में नए जिले बनाने की घोषणा करते हैं। उसे देखकर लगता है कि वे जिला बनाने के अभियान पर निकले हैं। चुनाव के अंतिम 2 महीनों में शिवराज 3 नए जिले बना चुके हैं। अब उन्होंने सतना के मैहर को नया जिला बनाने की घोषणा की है। सीएम शिवराज ने निर्देश दिए कि मैहर को जिला बनाने संबंधित कार्रवाई जल्द से जल्द प्रारंभ की जाए।

मैहर मध्य प्रदेश का 55 वां जिला होगा। इसे सतना से अलग कर जिला बनाया जाएगा। सीएम शिवराज ने मैहर को तत्काल जिला बनाने के निर्देश देते हुए कहा कि हम जिला बनाने की घोषणा नहीं कर रहे बल्कि आज से ही जिला बनाने की प्रक्रिया शुरू कर रहे हैं।

दरअसल चित्रकूट से तीन सितंबर को शुरू हुई भाजपा की जन आशीर्वाद यात्रा मंगलवार को मैहर पहुंची। जहां मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने यात्रा को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये संबोधित करते हुए मैहर को जिला बनाने की बात कही। इससे पहले वे शिवपुरी में पिछोर और उज्जैन में नागदा को जिला बनाने की घोषणा कर चुके हैं।मैहर को जिला बनाने की घोषणा भी पहले कर चुके हैं। 

इस बार मुख्यमंत्री ने मैहर को जिला बनाने के निर्देश दे दिए हैं और इसकी प्रक्रिया भी शुरू हो गयी हैं। बता दें मैहर मध्य प्रदेश का 55 वां जिला होगा। इसके पहले रीवा के मऊगंज को 53 वां जिला बनाया गया था। वहीं छिंदवाड़ा के पांढुर्णा को मुख्यमंत्री ने 24 घण्टे के भीतर नया जिला बनाया था जो प्रदेश का 54 वां जिला बना था।