कांग्रेस ने खेला OBC कार्ड, मध्य प्रदेश से अशोक सिंह पार्टी के राज्यसभा उम्मीदवार घोषित

मध्य प्रदेश कांग्रेस में राज्यसभा उम्मीदवारी को लेकर तमाम अटकलों पर विराम लग गया है, कांग्रेस ने पार्टी के कोषाध्यक्ष अशोक सिंह को अपना उम्मीदवार घोषित किया है।

Updated: Feb 14, 2024, 04:38 PM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश कांग्रेस में राज्यसभा उम्मीदवारी को लेकर तमाम अटकलों पर विराम लग गया है। पार्टी ने ओबीसी कार्ड खेलते हुए प्रदेश कांग्रेस के कोषाध्यक्ष अशोक सिंह को अपना उम्मीदवार घोषित किया है। 

अशोक सिंह ग्वालियर के रहने वाले हैं और यादव समाज से ताल्लुक रखते हैं। वह ग्वालियर से दो बार लोकसभा का चुनाव लड़ चुके हैं। वे वर्तमान में मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कोषाध्यक्ष हैं।

अशोक सिंह पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के करीबी माने जाते हैं। राज्यसभा के लिए अशोक सिंह का नाम विधानसभा के समय से तय माना जा रहा था। हालांकि, हाल के दिनों में कई दावेदारों के नाम मीडिया सुर्खियां बनी।मीनाक्षी नटराजन के नाम की भी आज सुबह से चर्चा थी। ऐसा लग रहा था कि अशोक सिंह के नाम पर दिल्ली में सहमति नहीं बन रही। हालांकि, लंबी जद्दोजहद के बाद अशोक सिंह के नाम पर सहमति बन गई।

बता दें कि वोटों के गणित के हिसाब से मध्य प्रदेश की 4 सीटों पर बीजेपी प्रत्याशी और एक सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी का चुना जाना तय है। भाजपा ने भी चार सीटों पर उम्मीदवारों के नाम जारी कर दिए हैं। इनमें केंद्रीय मंत्री एल मुरुगन, उमेश नाथ महाराज, माया नारोलिया और बंसीलाल गुर्जर शामिल हैं।