भोपाल में मेकअप आर्टिस्ट से दुष्कर्म, शादी का झांसा देकर होटल ले गया था आरोपी
भोपाल के रातीबड़ में इंस्टाग्राम दोस्ती के बाद शादी का झांसा देकर 29 वर्षीय मेकअप आर्टिस्ट से दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी रोहित परमार ने पीड़िता को होटल ले जाकर शोषण किया और बाद में शादी से मुकर गया।
भोपाल। राजधानी भोपाल के रातीबड़ थाना क्षेत्र में एक 29 वर्षीय मेकअप आर्टिस्ट ने युवक पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोप है कि युवक ने इंस्टाग्राम के जरिए दोस्ती की, शादी का भरोसा दिलाकर शारीरिक संबंध बनाए और बाद में विवाह से साफ इनकार कर दिया।
रातीबड़ थाना पुलिस के अनुसार, पीड़िता की करीब एक महीने पहले इंस्टाग्राम पर रोहित परमार नामक युवक से पहचान हुई थी। दोनों के बीच बातचीत बढ़ने के बाद आरोपी ने खुद को भरोसेमंद बताते हुए शादी का प्रस्ताव रखा और पीड़िता का विश्वास जीत लिया।
यह भी पढ़ें:डॉक्टर बनने का सपना अधूरा रह गया, NEET रीएग्जाम में 11 नंबर से चूकी छात्रा ने की आत्महत्या
शिकायत में युवती ने बताया कि आरोपी उसे घूमने के बहाने एक होटल ले गया। वहां शादी का वादा कर उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद वह करीब एक महीने तक शादी का आश्वासन देकर उसका लगातार शोषण करता रहा। जब पीड़िता ने शादी की बात दोबारा उठाई तो आरोपी ने विवाह करने से इनकार कर दिया।
आरोपी रोहित परमार कॉलेजों में एडमिशन कराने का काम करता है। शादी से इनकार के बाद मानसिक रूप से परेशान पीड़िता रातीबड़ थाने पहुंची और पूरे घटनाक्रम की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने पीड़िता के बयान के आधार पर आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी रास बिहारी शर्मा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। आरोपी फिलहाल फरार है और उसकी तलाश के लिए पुलिस टीम जुटी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें:CWG 2026: मीराबाई चानू ने दिलाया भारत को पहला गोल्ड, लगातार तीसरी बार बनीं वर्ल्ड चैंपियन




