भोपाल में किन्नर के साथ की मारपीट, फिर काटे बाल, गुस्साए किन्नरों ने किया थाने में हंगामा

पुलिस के रवैये के चलते किन्नर समाज के लोग नाराज़ हो गए और पुलिस के खिलाफ बैरागढ़ थाना परिसर में बैठ कर हाय–हाय के नारे लगाए। 

Updated: Sep 26, 2022, 09:49 AM IST

Naidunia
Naidunia

भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में एक किन्नर के साथ मारपीट और लूट का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि आपसी रंजिश में एक किन्नर ने ही संत हिरदाराम नगर में रहने वाली किन्नर काव्या के साथ मारपीट की। इसके बाद उसके बाल भी काट दिए। 

पीड़ित किन्नर काव्या ने पुलिस को बताया कि काजल मुंबईया, कायनात मिर्जा और एक अन्य किन्नर ने उसके साथ मारपीट की है और सिर के बाल काटने के बाद कीमती सामान लेकर भाग गए। बैरागढ़ पुलिस ने कहा कि शुरुआती जांच के उपरांत ही एफआईआर दर्ज की जाएगी। इसी बात पर किन्नर नाराज हो गए। 

संत हिरदाराम नगर और मंगलवारा क्षेत्र के बड़ी संख्या में किन्नर बैरागढ़ थाना पहुंचे और जमकर बवाल काटा। वे आरोपियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई की मांग कर रहे थे। थाना परिसर में उन्होंने जमकर नारे बाज़ी की।

घटना शनिवार देर रात 2 बजे की है। संत हिरदाराम नगर में रहने वाली किन्नर काव्या के घर देर रात कुछ किन्नरों ने पहुँच कर मारपीट की और उसके बाल काट दिए। काव्या ने सोने की चेन समेत अन्य कीमती सामान लूटने का भी आरोप लगाया है। 

पुलिस के मुताबिक रविवार सुबह बैरागढ़ थाना परिसर स्थित थानेश्वर महादेव मंदिर में किन्नर इकठ्ठा हुए। फिर वे ढोलक बजाते और हाय-हाय के नारे लगाते हुए थाने पहुंचे। पुलिसकर्मी यह नहीं समझ पाए कि इतने सारे किनारे एक साथ कैसे इकठ्ठा हो गए हैं। बाद में माजरा समझ में आने पर पुलिस ने फरियादी किन्नर के बयान दर्ज किए।

इस दौरान थाना परिसर में काफी समय तक बैरागढ़ और मंगलवारा क्षेत्र के किन्नरों का जमावड़ा लगा रहा। पुलिस ने पीड़ित को उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया। जिसके बाद किन्‍नर थाने से रवाना हुए। पुलिस ने किन्नर की शिकायत पर एफ़ाइआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।