बीजेपी मंत्री ओपीएस भदौरिया के गृहगांव में हुई हर्ष फायरिंग, बुजुर्ग की मौत, किशोर घायल

मप्र शासन के राज्यमंत्री ओपीएस भदौरिया के गृहगांव अकलौनी में लगुन-फलदान चढ़ने के दौरान कुछ लोगों ने उत्साहित होकर हर्ष फायरिंग कर दी।

Publish: Jun 17, 2023, 04:25 PM IST

भिंड। मध्य प्रदेश के भिंड में लगुन फलदान उत्सव के दौरान जमकर गोलियां चली। इस हर्ष फायर की इस घटना में 65 वर्षीय बुजुर्ग व्यक्ति की मौत हो गई वहीं 14 वर्षीय बालक गंभीर रूप से घायल है। पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक यह घटना भिंड के अकलौनी  गांव की शुक्रवार- शनिवार मध्य रात्रि की रात की बताई जा रही है। अकलौनी निवासी सुरेश शर्मा के बेटे अभिषेक शर्मा का लगुन फलदान कार्यक्रम था। इसी दौरान कुछ लोगों ने हर्ष फायरिंग कर दी। इससे एक गोली रामशरण शर्मा मोहनपुरा निवासी कनपटी में गोली धंस गई। जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। जबकि 14 वर्षीय हर्ष पुत्र अखलेश शर्मा के पैर में लग गई। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद कार्यक्रम में भगदड़ मच गई। घटना के बाद शव का पीएम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया गया साथ ही घायल को अस्पताल भिजवाया है। 

बताते चलें कि जिस गांव भिंड के अकलौनी गांव में यह घटना घटी है, यह गांव मप्र शासन के राज्यमंत्री ओपीएस भदौरिया के गृहगांव है, मंत्री भदौरिया ने भी घटना का संज्ञान लिया है। 

घटना की जानकारी मिलते ही गोरमी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य को जुटाया। इसके बाद पुलिस ने मृतक के परिजनों से बातचीत की। वही लगुन फलदान कार्यक्रम में शामिल होने वाले अतिथियों से भी बातचीत कर बयान दर्ज किए। पुलिस ने मृतक की बॉडी का पीएम के बाद अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने हर्ष फायर करके घटना को अंजाम देने वाले अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। फिलवक्त पुलिस पूरे मामले की पड़ताल में जुटी हुई है।