भोपाल: जंबूरी मैदान में पेड़ पर लटके मिले दो युवकों के शव

भोपाल में दो दोस्तों ने की आत्महत्या, कोई सुसाइड नोट अब तक नहीं मिला, घर से झगड़ा करके निकले थे दोनों

Updated: Dec 16, 2020, 07:09 PM IST

Photo Courtesy: Patrika
Photo Courtesy: Patrika

भोपाल। राजधानी भोपाल के BHEL इलाका स्थित जंबूरी मैदान में दो युवकों ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। एक ही पेड़ की दो डालियों पर दोनों की लाश लटकी मिली है। दोनों के शव मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। दोनों युवक मंगलवार दिनभर से लापता थे। इनके परिजनों ने मामले की शिकायत थाने में दर्ज करवाई थी। मंगलवार रात दोनों दोस्तों के शव जंबूरी मैदान में पेड़ पर लटके मिले। दोनों युवकों में गहरी दोस्ती थी। दोनों अक्सर साथ में रहते थे।

पिपलानी थाना पुलिस के मुताबिक दोनों की उम्र करीब 20 साल थी। दोनों की गुमशुदगी की शिकायत दर्ज करवाई गई थी। दोनों आनंद नगर के शिव नगर कालोनी के रहने वाले थे। उनके नाम समीर और राजा जाटव बताए जा रहे हैं। पुलिस को कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।

पुलिस का कहना है कि दोनों युवक अपने घर से किसी बात पर झगड़ा करके निकले थे। जिसके बाद इनकी लाशें जंबूरी मैदान में एक पेड़ पर लटकी मिली हैं। पिपलानी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस इसे खुदकुशी का केस मानकर पड़ताल में जुटी है।

और पढ़ें: मध्य प्रदेश में अभी और बढ़ेगी ठंड, शुक्रवार से शीत लहर चलने के आसार

हत्या की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा सकता। पुलिस दोनों युवकों के परिजनों और दोस्तों से पूछताछ कर रही है। जिससे उनकी मौत की वजह तलाशी जा सके। मंगलवार रात जंबूरी मैदान किसी राहगीर ने पेड़ पर दो शव लटके होने की खबर पुलिस को दी थी। मृतकों के पास से मिले कागजात से उनके परिजनों का पता लगाया गया। वहीं मृतकों के दोस्तों से भी पूछताछ की जा रही है।फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।