भोपाल के पॉश इलाके में बड़ा हादसा, बिल्डिंग के पहले फ्लोर से लिफ्ट गिरी लिफ्ट, 7 लोग घायल

राजधानी भोपाल के कोहेफिजा के नीलगगन हाइट्स बिल्डिंग में टूटी लिफ्ट, बुजुर्ग, दो बच्चे समेत सात लोग लिफ्ट में एक घंटे तक फंसे रहे

Updated: Feb 22, 2021, 03:21 AM IST

Photo Courtesy: Bhaskar
Photo Courtesy: Bhaskar

भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के पॉश इलाके कोहेफिजा में लिफ्ट गिरने से 7 लोग घायल हो गए हैं। घायलों में दो बच्चे और दो बुजुर्ग भी शामिल हैं। बताया जा रहा है कि, हादसे के बाद सभी घायल करीब एक घंटे तक लिफ्ट में ही फंसे रहे। बमुश्किल एक घंटे बाद लिफ्ट इंजीनियर के आने के बाद घायलों को लिफ्ट से बाहर निकाला जा सका।

जानकारी के मुताबिक यह हादसा राजधानी के कोहेफिजा स्थित नीलगगन हाइट्स बिल्डिंग का है। घायलों में एक 71 वर्षीय बुजुर्ग, दो बच्चे और चार महिलाओं को शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे में घायल हुए बुजुर्ग श्रीचंद लालवानी ने बताया कि वह रिटायर्ड कर्मचारी हैं और टीला जमालपुरा में रहते हैं। उन्होंने बताया कि वह रविवार दोपहर लालघाटी स्थित नील गगन हाइट्स बिल्डिंग में रहने वाले किसी परिचित के घर आए थे। शाम करीब 5 बजे पूजा के बाद जब वे घर जाने के लिए अपनी पत्नी और साली के साथ निकले तभी अचानक लिफ्ट टूट गई। 

लालवानी ने बताया कि वे सभी चौथी मंजिल से लिफ्ट में चढ़े थे। इस दौरान वे उनकी पत्नी, साली, बिल्डिंग के दो बच्चे व अन्य महिलाएं लिफ्ट में सवार थी। जैसे ही लिफ्ट ग्राउंड फ्लोर के लिए चली उसके थोड़े देर के बाद जोर से झटका लगा और लिफ्ट धड़धड़ाते हुए नीचे जा गिरी। इस दौरान सभी एक दूसरे पर गिर गए और अंदर चीख पुकार मच गई। आसपास के लोग वहां इकट्ठे होकर मदद का प्रयास करने लगे। हादसे के करीब एक घंटे बाद जब इंजीनियर आया तब जाकर सभी लोग बाहर निकल सके।

इस हादसे में लालवानी को गंभीर चोटें आई है, साथ ही तीन अन्य महिलाएं भी गंभीर रूप से घायल हैं। वहीं दोनों बच्चे व एक अन्य महिला को मामूली चोटें आई है। इस मामले में कोहेफिजा के टीआई अनिल वाजपेयी ने बताया कि लिफ्ट टेक्निकल मसला है, इसलिए FSl टीम इसकी जांच करेगी। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही लिफ्ट गिरने के सही कारणों का पता चला सकेगा।