भोपाल सुसाइड केस में पांचवी मौत, पत्नी ने भी दम तोड़ा, एक-एक कर खत्म हुआ पूरा परिवार

आर्थिक तंगी से जूझ रहे मैकेनिक परिवार के सभी सदस्यों ने खाया था जहर, एक-एक कर सभी लोगों ने तोड़ा दम

Updated: Nov 29, 2021, 05:32 AM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में आर्थिक तंगी से जूझ रहे मैकेनिक संजीव जोशी ने पूरे परिवार के साथ जहर खा लिया था। आज इस परिवार की आखिरी सदस्य अर्चना जोशी की भी सांसें थम गई। इसके पहले दादी, दो पोती और पिता की मौत हो चुकी थी।

दरअसल, बीते गुरुवार देर रात को भोपाल के आनंद नगर में रहने वाले मैकेनिक संजीव जोशी ने पत्नी अर्चना, मां नंदनी, बड़ी बेटी ग्रीष्मा और छोटी बेटी पूर्वी के साथ मिलकर जहर खा लिया था।

अगली सुबह उनकी वृद्ध मां और एक बेटी की मौत हो गई, इसके अगले दिन एक और बेटी ने दम तोड़ा और रविवार सुबह संजीव भी दुनिया छोड़ गए। इसके बाद आज परिवार की आखिरी सदस्य संजीव की पत्नी की भी सांसें थम गई।

यह भी पढ़ें: बेसुध पड़े व्यक्ति को चेक देते बीजेपी विधायक ने खिंचवाई फोटो, कांग्रेस ने संवेदनहीनता का किया विरोध

जोशी का परिवार आर्थिक तंगी और कर्ज से बेहद परेशान था। उनके ऊपर सूदखोरों के लाखों रुपए बकाया थे। जनकारी के मुताबिक सूदखोर 10 हजार रुपए प्रति माह सूद चुकाने का दबाव बनाते थे जबकि संजीव के लिए परिवार का पेट पालना भी मुश्किल होता जा रहा था।

गुरुवार देर रात उनके परिवार के सभी लोगों ने तय किया कि कोई अकेले कर्जदार बनकर जीवन क्यों ढ़ोए फिर उन्होंने सामुहिक रूप से जहर खा लिया। और इस तरह एक-एक कर सभी लोगों की मौत हो गई।