इंदौर के महू में बड़ी कार्रवाई, चौड़ीकरण के लिए 100 से अधिक घरों पर चला बुलडोजर
सड़क निर्माण के लिए प्रशासन ने बुलडोजर चलाकर 100 से अधिक मकानों के कथित अवैध हिस्से को ढहा दिया। प्रशासन की ये कार्रवाई 1.5 किमी एरिए में हुई।

महू। इंदौर के महू में 100 से अधिक घरों को अवैध निर्माण बताकर शुक्रवार को बुलडोजर चलाया गया। प्रशासन द्वारा बुलडोजर से इन मकानों के अवैध हिस्से को कथित रुप से गिरा दिया गया। प्रशासन की ये कार्रवाई 1.5 किमी एरिए में हुई और 100 से ज्यादा रहवासियों के मकानों को तोड़ा गया।
प्रशासन महूगांव नगर परिषद में धार नाका क्षेत्र से मकानों का अवैध निर्माण तोड़ने पहुंचा था।ध्वस्तीकरण कार्रवाई के दौरान स्थानीय रहवासियों की अफसरों और पुलिस से झड़प भी हुई। इस दौरान वार्ड की पार्षद डॉ. सुवर्णा दुबे भी वहां पहुंचीं। उन्होंने प्रशासन से दो दिन की और मोहलत मांगी। लेकिन प्रशासन ने नहीं सुनी। महिला पुलिसकर्मियों से बहस के बाद पार्षद को हिरासत में ले लिया गया।
पार्षद को हिरासत में लेने पर डॉक्टरों और पार्षद के समर्थकों ने थाने का घेराव कर दिया। जिसके बाद पुलिस ने उन्हें छोड़ दिया। आईएमए (इंडियन मेडिकल एसोसिएशन) ने प्रशासन को कल प्रदर्शन की चेतावनी दी है। पार्षद डॉ. सुवर्णा दुबे ने कहा कि विकास के लिए जो कार्य हो रहा था, उसके लिए जनता तैयार थी। लोग स्वेच्छा से अपने मकान तोड़ रहे थे। जनता दो दिन की मोहलत मांग रही थी। इसीलिए मैं वहां गई थी। पोकलेन से जो मकान तोड़े जा रहे थे वो ज्यादा तोड़ दिए गए। लोगों को इससे ज्यादा क्षति हो गई।
वही, डीएसपी दिलीप चौधरी ने कहा कि पार्षद डॉ. सुवर्णा दुबे ने शासकीय कार्य में बांधा डालने का काम किया था। उनको हिरासत में ले लिया गया था। थाने लाकर पार्षद पर 151 की धारा की कार्रवाई की गई। इसके बाद उन्हें थाने से ही छोड़ दिया गया। प्रशासन अपनी कार्रवाई कर रहा है।