पूर्व कांग्रेस MLA अरुणोदय चौबे ने छोड़ी पार्टी, बीजेपी में शामिल होने की अटकलें

मध्य प्रदेश कांग्रेस को आगामी विधानसभा चुनाव से पहले एक बड़ा झटका लगा है। कांग्रेस के पूर्व विधायक अरुणोदय चौबे ने सभी पदों से इस्तीफा दे दिया है, वे कमलनाथ के करीबियों में से एक थे।

Updated: Sep 16, 2022, 07:34 AM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव से पूर्व कांग्रेस पार्टी को बड़ा झटका लगा है। कांग्रेस उपाध्यक्ष व पूर्व विधायक अरुणोदय चौबे ने पार्टी छोड़ दिया है। उन्होंने शुक्रवार को पीसीसी चीफ कमलनाथ को अपना इस्तीफा सौंपा। 

कमलनाथ को संबोधित इस्तीफा पत्र में चौबे ने लिखा कि, 'मैं करीब 30 वर्षों से निरंतर कांग्रेस पार्टी की सेवा कर रहा हूं। परंतु हाल ही में पार्टी के हमारे खुरई विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ जो बर्ताव हुआ है। उससे मैं व खुरई विधानसभा क्षेत्र के सभी कार्यकर्ता दुखी हैं। अतः मैं प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष, प्रभारी जिला टीकमगढ़, व प्रदेश काग्रेंस के सदस्य पद से इस्तीफा दे रहा हूं।' 

बता दें कि अरूणोदय चौबे पूर्व सीएम कमलनाथ के करीबी माने जाते थे। वह सागर जिले के खुरई विधानसभा क्षेत्र से विधायक रह चुके हैं। वे सागर जिले के बड़े नेताओं में शुमार हैं। उनका इस्तीफा कांग्रेस के लिए बड़ा झटका के तौर पर देखा जा रहा है। फिलहाल उन्होंने स्पष्ट नहीं किया है कि वे किस पार्टी में जाएंगे। हालांकि, अटकलें हैं कि वह भाजपा ज्वाइन करेंगे।