मध्य प्रदेश को भाजपा सरकार ने घोटाला प्रदेश बना दिया है, सीएम शिवराज पर बरसे कमलनाथ
बड़वानी जिला आज देश के सबसे पिछड़े जिलों में गिना जाता है इसका जिम्मेदार कौन है? सड़कों से लेकर स्वास्थ्य से लेकर शिक्षा तक हर माणक पर बड़वानी बुरी तरह पिछड़ चुका है: कमलनाथ

बड़वानी। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस पार्टी ने प्रचार अभियान तेज कर दिया है। पीसीसी चीफ कमलनाथ शुक्रवार को बड़वानी जिले के पाटी पहुंचे। पूर्व सीएम ने यहां विशाल जनसभा को संबोधित किया। कमलनाथ ने इस दौरान सीएम शिवराज पर निशाना साधते हुए कहा कि मध्य प्रदेश को भाजपा सरकार ने घोटाला प्रदेश बना दिया है।
बड़वानी के पाटी में मीडिया को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा, "भाजपा ध्यान रखे कि साल 2018 में मुझे कार्य करने के लिए मात्र 5 महीने का समय मिला था। इस बार मुझे पर्याप्त समय मिला है। पिछली बार कमलनाथ 2018 का मॉडल था, परंतु इस बार कमलनाथ 2023 का मॉडल है। मध्य प्रदेश को भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने घोटाला प्रदेश और अपराध प्रदेश बना कर रख दिया है। शिवराज सिंह चौहान प्रदेश की जनता को 18 वर्षों का हिसाब नहीं दे पा रहे हैं।"
कमलनाथ ने आगे कहा, "बेरोजगारी नौजवानों की सबसे बड़ी समस्या है। प्रदेश में लगभग एक करोड़ बेरोजगार नौजवान हैं जिसमें से लगभग 45 लाख तो रजिस्टर्ड बेरोजगार हैं, अब तो युवाओं का रजिस्ट्रेशन पर से भरोसा उठ चुका है। मैं केंद्र में वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री रहा, देश के तमाम उद्योगपतियों से संबंध रहे हैं, जब मैंने उनसे निवेश को लेकर बात की तब उन्होंने बताया मध्य प्रदेश में ऊपर से नीचे तक भ्रष्टाचार है।"
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ जी ने बड़वानी जिले के पाटी में पत्रकार वार्ता को संबोधित किया।
— MP Congress (@INCMP) June 16, 2023
"सबके साथ - कमलनाथ" pic.twitter.com/xLIZnKdMF3
पीसीसी चीफ ने कहा, "बड़वानी जिला आज देश के सबसे पिछड़े हुए जिलों में गिना जाता है इसका जिम्मेदार कौन है? सड़कों से लेकर स्वास्थ्य से लेकर शिक्षा तक हर माणक पर बड़वानी बुरी तरह पिछड़ चुका है। जैसी प्राथमिकता बड़वानी के विकास को मिलनी चाहिए थी वैसी भाजपा के शासनकाल में नहीं मिल पाई। उन्होंने सोचा यहां की जनता भोली भाली है, सीधी-सादी है उसे आसानी से मूर्ख बनाया जा सकता है।"
जयस को लेकर एक सवाल के जवाब में कमलनाथ ने कहा कि जयस से जुड़े हुए नौजवान बहुत समझदार हैं। वे अपने भविष्य के बारे में चिंतित हैं, इसीलिए उन्होंने यह संस्था बनाई है। प्रदेश के हर जिले में जयस अलग हैं। जयस के सभी लोग लगातार मुझसे संपर्क में हैं। उनका डीएनए कांग्रेस का डीएनए है।"