हरदा: भाजपा नेता की हत्या, सोते समय कुल्हाड़ी से किये कई वार, घटना स्थल पर मौत

भाजपा मंडल उपाध्यक्ष गोविंद सिंह अपने खेत पर थे। बीती रात अज्ञात बदमाशों ने सोते समय उन पर कुल्हाड़ी से कई वार किए। मौके पर मौत हो गई

Updated: May 27, 2021, 12:26 PM IST

Photo courtesy: bhaskar
Photo courtesy: bhaskar

हरदा। मध्यप्रदेश के हरदा जिले में  हत्या का मामला सामने आया है। सोनखेड़ी के रहने वाले भाजपा नेता गोविंद सिंह की धारदार कुल्हाड़ी से गला रेत कर हत्या कर दी गई। पुलिस के मुताबिक हत्या की वारदात को अंजाम अज्ञात बदमाशों द्वारा बीती रात दिया गया। करताना पुलिस चौकी प्रभारी हिमलेंद्र पटेल ने बताया कि घटना के समय  गोविंद सिंह खेत पर बोई मूंग फसल की रखवाली कर रहे थे। अधिक रात होने के कारण खेत पर ही सो गए। इसी दौरान मौका पा कर बदमाशों ने उन पर हमला कर उन्हें मौत के घाट उतार दिया। बताया जा रहा है हत्या करने के बाद  बदमाश भाग निकले। 

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक गुरुवार की सुबह गांव में हत्या की खबर फैली। खबर सुनते ही गांव में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों ने घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को दी। सूचना मिलते ही करताना पुलिस चौकी व टिमरनी थाना स्टाॅफ मौके पर पहुंचा। और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने एफएसएल टीम को भी बुलाया गया।

भाजपा मंडल उपाध्यक्ष गाेविंद सिंह ग्राम सोनखेड़ी के रहने वाले थे। वह किसानी का काम करते थे। उनके खेत में मूंग की फसल लगी हुई है। देख-रेख के लिए वो बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात खेत में सो रहे थे। उसी दौरान अज्ञात बदमाशों ने उसकी गर्दन पर कुल्हाड़ी से हमला किया। करताना पुलिस चौकी प्रभारी हिमलेंद्र पटेल सहित पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुटी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल लाया गया है। पुलिस अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।