बीजेपी नेत्री ने भाजपा नेता पर लगाए रेप के आरोप, आरोपी के परिवार पर लगाया मारपीट का आरोप

मंदसौर के बीजेपी नेता देशबंधु आर्य पर बीजेपी नेत्री ने दुष्कर्म का आरोप लगाया है, वहीं आरोपी के बहनोई भाजयुमो मंदसौर के ज़िलाध्यक्ष पर छेड़छाड़ के आरोप लगे हैं

Publish: Nov 03, 2021, 12:07 PM IST

मंदसौर। मंदसौर में बीजेपी की एक नेत्री ने अपनी ही पार्टी के नेताओं के ऊपर गंभीर आरोप लगाए हैं। बीजेपी नेत्री ने मंदसौर बीजेपी के नेता देशबंधू आर्य पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने के आरोप लगाए हैं। वहीं देशबंधु आर्य के बहनोई और भाजयुमो के ज़िलाध्यक्ष पर छेड़छाड़ के आरोप लगाए हैं।

इसके साथ ही दुष्कर्म के आरोपी देशबंधु आर्य के परिवार पर पीड़िता को धमकाने और उसके साथ मारपीट करने के भी आरोप लगे हैं। पुलिस ने इस मामले में कुल सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।  

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक पीड़िता ने देशबंधु आर्य के ऊपर यह आरोप लगाया है कि बीजेपी नेता ने उसे शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके साथ देशबंधु आर्य के बहनाई हितेश शुक्ला ने उसके साथ छेड़छाड़ भी की। हितेश शुक्ला भाजयुमो मंदसौर के ज़िलाध्यक्ष हैं। दोनों भाजपा नेताओं के अलावा इनके परिजनों पर भी पीड़िता ने गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता के मुताबिक देशबंधु आर्य की पत्नी, माता-पिता और बहन ने उसके साथ मारपीट भी की। पुलिस ने इस मामले में देशबंधु आर्य समेत परिवार के सात लोगों पर विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।    

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वर्ष 2012 में इंदौर में उसकी शादी हुई थी। लेकिन पारिवारिक विवाद के बाद से ही वह अपने बच्चे के साथ अकेली रह रही थी। देशबंधु आर्य से वह उस 2001 के समय से ही परिचित थी। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि 2015 में देशबंधु आर्य ने एक दिन उसे अपने घर बुलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। आरोपों के मुताबिक देशबंधु आर्य ने पीड़िता को पोहा और चाय में नशीला पदार्थ मिलाकर दिया था। जिसके बाद पीड़िता बेहोश हो गई थी। होश आने पर पीड़िता ने जब विरोध किया तब देशबंधु आर्य ने उसे कहा कि वह पीड़िता से काफी पहले से प्रेम करता है और उससे शादी करना चाहता है। 

इस पूरे मामले में कांग्रेस पार्टी की तरफ से भी प्रतिक्रिया आई है। कांग्रेस प्रवक्ता नरेंद्र सलूजा ने इस मामले का ज़िक्र करते हुए बीजेपी सरकार के कन्यापूजन को दिखावटी करार दिया है। नरेंद्र सलूजा ने कहा है कि डिंडोरी,अशोक नगर के बाद अब मंदसौर में भाजपा संगठन महामंत्री के ख़ास देशबंधु आर्य पर महिला से दुष्कर्म का मामला दर्ज और प्रदेश अध्यक्ष के खास भाजयुमो मंदसौर अध्यक्ष हितेश शुक्ला पर पीड़ित महिला को धमकाने-मारपीट का प्रकरण दर्ज। दूसरी तरफ़ भाजपा नेताओ का दिखावटी कन्या पूजन जारी है।