BJP Virtual Rally : सरकार बनाने का नहीं, मजबूती देने का चुनाव

MP Assembly By Poll : कांग्रेस पर लगाया जनता से वादा खिलाफी का आरोप

Publish: Jul 10, 2020, 06:47 AM IST

उपचुनाव की तैयारियों में जुटी बीजेपी ने गुरुवार दिमनी विधानसभा क्षेत्र में वर्चुअल रैली की। रैली में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। केंद्रीय मंत्री नरेंद्र तोमर ने कहा कि यह चुनाव सरकार बनाने का नहीं उसे मजबूती देने का चुनाव है। पुरानी और नई ताकत मिलकर काम करेगी तो चुनाव में कोई भी ताकत हमारा मुकाबला नहीं कर सकती। इस वर्चुअल रैली को उचुनाव के संभावित प्रत्याशी और प्रदेश शासन के मंत्री गिर्राज दंडोतिया ने भी संबोधित किया।  

 कांग्रेस सरकार ने किसानों के साथ की वादा खिलाफी

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने कांग्रेस पर जनता से झूठे वादे करने का आऱोप लगाया। उन्होने कहा कि प्रदेश में सरकार बनाने के लिए कांग्रेस ने झूठे वादे किए। चुनाव से पहले कांग्रेस ने कहा था कि सभी किसानों का, सभी बैंकों का हर तरह का कर्ज माफ किया जाएगा। लेकिन जब सरकार बन गई तो पलट गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस कहती कुछ और करती कुछ और है। प्रदेश के 8 लाख किसान राहुल गांधी और कमलनाथ से यह जवाब मांगते हैं कि उन्होंने जैसा वचनपत्र में कहा था उस तरह से कर्ज माफी क्यों नहीं की।

कांग्रेस सरकार के कारण किसान हुए डीफॉल्टर

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने आरोप लगाया कि कमलनाथ सरकार के कर्जमाफी के झूठ ने प्रदेश के किसानों को डिफाल्टर बना दिया। अब किसानों को अपने कर्ज पर 14 फ़ीसदी ब्याज देना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के किसानों को आश्वस्त करना चाहता हूं कि उनके सिर पर जो गठरी कांग्रेस सरकार ने रखी थी, उससे भारतीय जनता पार्टी की सरकार मुक्ति दिलाएगी।

चंबल एक्सप्रेस वे से बदलेगी इलाके की तकदीर और तस्वीर

चंबल एक्सप्रेस वे के बारे में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने कहा कि इसे कांग्रेस ने ठंडे बस्ते में डाल दिया था। हमारी सरकार ने दोबारा उसका काम तेजी से शुरू किया है। यह एक्सप्रेस वे सिर्फ एक हाईवे नहीं होगा बल्कि यह पूरे चंबल क्षेत्र के लिए प्रोग्रेस वे साबित होगा। चंबल एक्सप्रेस वे बन जाने से इस क्षेत्र की तकदीर और तस्वीर दोनों बदल जाएगी।

सरकार बनाने का नहीं, बचाने का है चुनाव  

केंद्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने रैली को संबोधित करते हुए कहा कि यह चुनाव साधारण चुनाव नहीं है। यह बीजेपी सरकार को चिरस्थाई बनाने का चुनाव है। उन्होंने कहा कि अगर बीजेपी की सरकार है तो प्रदेश का विकास होगा। इसलिए यह चुनाव सरकार बनाने का नहीं, बल्कि बीजेपी की सरकार बचाने के लिए हो रहा है। उन्होने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार ने प्रदेश में भ्रष्टाचार अनाचार, अत्याचार और राजनीतिक द्वेष के साथ काम किया।  

केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि दिमनी में बीजेपी शासन काल में बहुत से विकासकार्य हुए हैं। जबकि 15 महीने में कमलनाथ सरकार ने दिमनी विधानसभा में विकास की एक ईंट तक तक नहीं लगाई। शिवराज सरकार को 100 दिन हुए, लेकिन इतने कम समय में ही दिमनी विधानसभा के विकास कार्यों को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने स्वीकृति दी है। इस क्षेत्र में 125 करोड़ की लागत से बनने वाली प्रधानमंत्री सड़क के तृतीय चरण को मंजूर कर दिया है। दिमनी के विकास के लिए बीजेपी जरूरी है।