MP में भाजपा की जीत तय, कांग्रेस सिर्फ चुनाव लड़ने का ढोंग कर रही है, सिवनी में बोले पीएम नरेंद्र मोदी

मध्य प्रदेश के सिवनी में चुनाव प्रचार करने पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि प्रदेश में कांग्रेस चुनाव लड़ने का ढोंग कर रही है।

Updated: Nov 05, 2023, 02:39 PM IST

सिवनी। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर प्रचार अभियान अपने शबाब पर है। कांग्रेस और बीजेपी दोनों पार्टियां के तमाम बड़े नेता प्रदेशभर में रैलियां कर रहे हैं। इसी क्रम में पीएम नरेंद्र मोदी रविवार को सिवनी पहुंचे। यहां उन्होंने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि मध्य प्रदेश में भाजपा की जीत तय है। कांग्रेस तो चुनाव लड़ने का ढोंग कर रही है।

प्रधानमंत्री ने सिवनी की सभा में कहा, 'मध्य प्रदेश को सुशासन और विकास की निरंतरता चाहिए। इसीलिए मध्यप्रदेश कह रहा है कि भाजपा है तो भरोसा, विकास और बेहतर भविष्य है। एमपी के मन में मोदी, मोदी के मन में एमपी है। एमपी के मन में मोदी क्यों है? इसका उदाहरण- पीएम गरीब कल्याण अन्न योजना है। मैं गरीबी से निकला हूं, गरीबी क्या होती है? ये मुझे किताबों में नहीं पढ़ना पड़ता है। इसलिए आपके बेटे ने, आपके भाई ने एक बहुत बड़ा निर्णय मन में पक्का कर लिया है कि दिसंबर में जब प्रधानमंत्री अन्न योजना पूरी होगी, तब आने वाले 5 वर्षों के लिए मुफ्त राशन की गारंटी देंगे हम।'

यह भी पढ़ें: ग्रामीण क्षेत्रों में पुश्तैनी मकानों की मुफ्त रजिस्ट्री कराएगी कांग्रेस सरकार, दिग्विजय सिंह का बड़ा ऐलान

पीएम मोदी ने विपक्षी दल पर हमला बोलते हुए कहा कि, 'कांग्रेस का नारा रहा है- गरीब की जेब साफ, काम हाफ से भी हाफ, यानी कांग्रेस विकास का काम नहीं करती, लेकिन नागरिकों की जेब जरूर साफ कर देती है।' इस दौरान पीएम मोदी किसान कर्ज माफी पर झूठ बोलते भी नजर आए। उन्होंने कहा, '5 साल पहले भी इनके नेता कहते थे कि 10 दिन में किसान का कर्ज माफ करेंगे। 10 दिन तो छोड़िए, डेढ़ साल का समय इनको मिला, लेकिन ये किसान का कर्ज नहीं माफ कर पाए।' हालांकि, शिवराज सरकार स्वयं विधानसभा में कह चुकी है कि कांग्रेस सरकार में 27 लाख किसानों के कर्ज माफ हुए।

पीएम मोदी ने आगे कहा कि, '2014 से पहले कांग्रेस का एक-एक घोटाला लाखों-करोड़ों का हुआ करता था। अब भाजपा सरकार में घोटाले नहीं होते। गरीब के हक का पैसा जो हमने बचाया है, वो अब गरीब के राशन पर खर्च हो रहा है। घोटालेबाज कांग्रेस सरकार और भाजपा सरकार में यही सबसे बड़ा अंतर है।' उन्होंने कहा, 'कांग्रेस का न तो अपना भविष्य है, न ही युवाओं के लिए रोडमैप। कांग्रेस नेता आज भी दादा-दादी, नाना-नानी ने क्या किया? इस पर वोट मांगते हैं। कांग्रेस के लिए अपने एक परिवार से बड़ा कोई और नहीं। जहां कांग्रेस सरकार में रहती है, वहां योजनाएं, रास्ते, गलियां... सबकुछ उसी परिवार के नाम कर देती है।'