भिंडःसड़क निर्माण की बात पर दो पक्षों में खूनी संघर्ष, चली गोलियां, एक की मौत, एक घायल

बताया जा रहा है कि पहले से ही दोनो पक्षों में विवाद था, घटना के बाद से पूरे गांव में तनाव की स्थिति है। 

Updated: Jun 29, 2023, 06:47 PM IST

भिंड। मध्य प्रदेश के भिंड जिले के लहार इलाके में सड़क निर्माण को लेकर पुरानी रंजिश रखने वाले दो गुटों में खूनी संघर्ष हो गया। दोनों तरफ से फायरिंग होने लगी। इस घटना में एक व्यक्ति गोली लगने से घायल हो गया, जिसने पलटवार करते हुए गोली मारने वाले शख़्स को फ़ायरिंग कर मौत के घाट उतार दिया। 

जानकारी के मुताबिक घटना गुरुवार के दोपहर की बताई जा रही है, बताया जा रहा है कि लहार थाना क्षेत्र के धोनपुरा गांव में रहने वाले पान सिंह राजपूत और वीरेंद्र परिहार के बीच पुरानी रंजिश चली आ रही थी। गुरुवार को गांव में सड़क निर्माण का कार्य हो रहा था, सड़क निर्माण को लेकर दोनों पक्ष आमने सामने आ गए। और इसी कहा सुनी में पान सिंह ने अपनी बंदूक से वीरेंद्र परिहार के कंधे पर गोली दाग दी, घटना की प्रतिक्रिया देते हुए आक्रोशित वीरेंद्र परिहार ने पान सिंह से बंदूक छीन कर उसी को गोली मार दी, जिससे मौके पर ही पान सिंह की मौत हो गई।

घटना के जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची लहार थाना पुलिस घायल वीरेंद्र परिहार और मृतक पान सिंह दोनों को लहार अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने पान सिंह को मृत घोषित कर दिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए रखवाया है। वहीं गोली लगने से घायल वीरेंद्र को गम्भीर हालत के चलते ग्वालियर के जयारोग्य अस्पताल के लिए रेफर कर दिया है। घटना के बाद से ही पूरे इलाके में तनावपूर्ण माहौल है।