छत्तीसगढ़ के नारायणपुर में BSF जवानों की गाड़ी पलटी, 17 जवान घायल, पांच की हालत नाजुक

छत्तीसगढ़ के नारायणपुर में बीएसएफ जवानों की गाड़ी पलटने से 15 जवान घायल हो गए हैं। इनमें से पांच जवानों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

Updated: Jan 05, 2024, 05:19 PM IST

नारायणपुर। छत्तीसगढ़ के नारायणपुर में बीएसएफ के जवानों की एक गाड़ी दुर्घटना के शिकार हो गई है। बताया जा रहा कि बीएसएफ के जवान 407 मेटाडोर में सवार होकर जा रहे थे, इसी दौरान वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। जिसमें 17 जवान घायल हुए हैं। इनमें से 5 जवानों की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायल जवानों को इलाज के लिए जिला अस्पताल लाया गया है।

हादसा अंतागढ़-नारायणपुर मार्ग पर कुम्हारी गांव के पास का बताया जा रहा है। शुक्रवार दोपहर 12 बजे रावाघाट थाना इलाके में कुम्हारी के पास वाहन का स्टीयरिंग फेल होने के कारण हादसा हुआ है। ये जवान जिले के अंतिम छोर सरगीपाल, फुलपाड कैंप में तैनात थे। छुट्टी में सभी जवान बीएसएफ के वाहन से अन्तागढ़ आ रहे थे इसी दौरान यह हादसा हो गया।

हादसे में घायल जवानों से नारायणपुर पुलिस अधीक्षक पुष्कर शर्मा मिलने पहुंचे हैं। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि गंभीर रूप से घायल जवानों को रायपुर रेफर किया जा रहा है।