दमोह-जबलपुर स्टेट हाईवे पर बस और ट्राले की टक्कर, 70 से अधिक यात्री घायल, जेसीबी की मदद से किया यात्रियों का रेस्क्यू

दमोह-जबलपुर राजमार्ग पर यात्री बस और ट्राले में जोरदार भिड़ंत, ट्राले में फंसे ड्राइवर और कंडक्टर, 70 यात्री घायल, इलाज जारी

Updated: Mar 25, 2021, 08:06 AM IST

Photo Courtesy: Naidunia
Photo Courtesy: Naidunia

दमोह। दमोह-जबलपुर राजमार्ग पर यात्री बस और ट्राले में जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में 70 लोगों के घायल होने की खबर है। हादसा गुरुवार की सुबह दस बजे के आसपास हुआ। जब जबेरा के विदारी की घाटी में यात्री बस और ट्राला टकरा गए। इस एक्सीडेंट में बस सवार करीब 70 यात्री घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों की खबर पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस और डायल 100 की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती किया गया। कुछ मरीजों को जबेरा और कई मरीजों को जबलपुर के अस्पताल में भर्ती किया गया है।

खबर है कि यह बस राधा कंपनी की थी, जो की दमोह से जबलपुर जा रही थी। इसमें 70 यात्री सवार थे। तभी बस की टक्कर सामने से आ रहे ट्राले से हो गई। यह टक्कर विदारी घाटी के मोड़ पर हो गई। बस के दुर्घटनाग्रस्त होते ही वहां पर चीख पुकार मच गई।

हादसे 40 लोगों को मामूली चोट आई है। मामूली घायलों को जबेरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती किया गया है। वहीं अन्य गंभीर घायल करीब 30 लोगों को जबलपुर में भर्ती किया गया है।

जबेरा पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार हादसा इतना भीषण था कि ट्राले के परखच्चे उड़ गए। ड्राइवर और कंडक्टर उसी में फंस गए। जिन्हें जेसीबी की मदद से निकाला जा सका। एक्सीडेंट के बाद दमोह जबलपुर राजमार्ग पर जाम की स्थिति निर्मित हो गई थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।